10 जुलाई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Bankipur By Election: BJP उम्मीदवार ने वापस ली उम्मीदवारी, ‘PK फैक्टर’ और कथित वीडियो की चर्चा से गरमाई सियासत

Bankipur By Election: बांकीपुर उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार अभिषेक कुमार ने अपनी उम्मीदवारी वापस ले ली है। सूत्रों के मुताबिक, पार्टी के भीतर विरोध और कुछ इनपुट मिलने के बाद यह फैसला लिया गया, जबकि अभिषेक ने व्यक्तिगत कारण बताए हैं। वहीं, जन सुराज ने दावा किया कि भाजपा, प्रशांत किशोर से घबराई हुई है।
2 min read
Google source verification
Bankipur By Election

अभिषेक कुमार। फाइल फोटो- पत्रिका

Bankipur By Election: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के आधिकारिक उम्मीदवार अभिषेक कुमार के अपनी उम्मीदवारी वापस लेने के बाद बिहार की सियासत गरमा गई है। सूत्रों के मुताबिक, अभिषेक के नाम को लेकर पार्टी के भीतर विरोध के स्वर उभर आए थे। कई वरिष्ठ नेताओं ने इस मुद्दे पर पार्टी आलाकमान के समक्ष अपनी आपत्ति दर्ज कराई थी। इसके बाद पार्टी के निर्देश पर अभिषेक कुमार ने अपनी उम्मीदवारी वापस ले ली। अभिषेक कुमार ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी को पत्र लिखकर अपने फैसले की औपचारिक जानकारी दी। हालांकि, उन्होंने पत्र में उम्मीदवारी वापस लेने का कारण पूरी तरह व्यक्तिगत कारणों को बताया है।

सूत्रों के अनुसार, यह भी चर्चा है कि प्रशांत किशोर (पीके) की टीम के हाथ अभिषेक कुमार से जुड़े कुछ वीडियो लगे हैं। दावा किया जा रहा है कि पीके की टीम मतदान से पहले इन वीडियो को सार्वजनिक करने की तैयारी में थी। इसी बीच इसकी भनक भाजपा नेतृत्व को लग गई, जिसके बाद पार्टी ने कथित तौर पर अभिषेक कुमार को समय रहते अपनी उम्मीदवारी वापस लेने का निर्देश दिया।

वीडियो की चर्चा से गरमाई सियासत

हालांकि, इस दावे की आधिकारिक पुष्टि भाजपा के किसी नेता ने नहीं की है। पार्टी के नेता खुलकर कुछ भी कहने से बच रहे हैं, लेकिन दबी जुबान में इतना जरूर स्वीकार कर रहे हैं कि पार्टी को उनके संबंध में कुछ इनपुट मिला था इसके बाद यह फैसला लेना पड़ा। वहीं, प्रशांत किशोर की टीम से जुड़े कुछ लोगों का कहना है कि चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आएगा, वैसे-वैसे कई चौंकाने वाले वीडियो सामने आ सकते हैं।

इस मामले पर जन सुराज पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक किशोर कुमार ने दावा किया कि भाजपा, प्रशांत किशोर से घबराई हुई है। उनका कहना था कि जब प्रशांत किशोर के मुकाबले में भाजपा के नेता चुनावी मैदान छोड़ रहे हैं, तो इससे पार्टी की बेचैनी साफ दिखाई देती है।

कांग्रेस का नितिन नबीन पर तंज

बांकीपुर से भाजपा उम्मीदवार अभिषेक बंटी के नाम वापस लेने पर कांग्रेस ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन पर निशाना साधा। कांग्रेस प्रवक्ता असित नाथ तिवारी ने कहा कि नितिन नबीन को यह भ्रम हो गया था कि वही पार्टी के सर्वेसर्वा हैं और बांकीपुर उनकी राजनीतिक विरासत वाली सीट है। इसी सोच के तहत उन्होंने अपने करीबी नेता को टिकट दिला दिया। कांग्रेस ने तंज कसते हुए दावा किया कि इस फैसले से केंद्रीय नेतृत्व नाराज हो गया, जिसके बाद अभिषेक बंटी को अपनी उम्मीदवारी वापस लेनी पड़ी।