पटना

Bankipur By Election: झमाझम बारिश से बदल सकते हैं चुनावी समीकरण, बांकीपुर में विकास पर घमासान

Bankipur By Election: बांकीपुर उपचुनाव में 30 जुलाई को मतदान होगा। चुनाव से पहले बारिश को लेकर भी सियासी बहस तेज है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश होने पर इलाके के विकास की असल तस्वीर सामने आ जाएगी। इस सीट पर बीजेपी, जन सुराज और आरजेडी के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है।
2 min read
Jul 09, 2026
prashant kishor
चुनाव प्रचार करते प्रशांत किशोर

Bankipur By Election: बांकीपुर विधानसभा सीट पर 30 जुलाई को मतदान होना है। हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि चुनाव से पहले झमाझम बारिश होती है तो इलाके में विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति खुद-ब-खुद सामने आ जाएगी।

वार्ड-35 के निवासी राकेश पांडेय का दावा है कि बारिश होने पर पिछले 30-35 वर्षों में हुए विकास की तस्वीर साफ हो जाएगी। उनका कहना है कि यदि सड़कों, जलनिकासी और जलजमाव जैसी समस्याएं उजागर होती हैं, तो इससे जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर और आरजेडी प्रत्याशी रेखा गुप्ता को चुनाव प्रचार के दौरान इन मुद्दों को समझाने के लिए गली-गली घूमने की भी जरूरत नहीं पड़ेगी।

बांकीपुर में हाई-प्रोफाइल मुकाबला

30 जुलाई को होने वाले बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर सभी प्रमुख राजनीतिक दलों ने अपने-अपने प्रत्याशियों के नाम घोषित कर दिए हैं। आरजेडी के उम्मीदवार के मैदान में उतरने के बाद मुकाबला अब त्रिकोणीय हो गया है।

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के प्रभाव वाली मानी जाने वाली इस सीट पर जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर के चुनाव मैदान में उतरने से मुकाबला हाई-प्रोफाइल बन गया है। बीजेपी ने अभिषेक को अपना उम्मीदवार बनाया है। हालांकि, उनके नाम की घोषणा के बाद पार्टी के भीतर कुछ नेताओं और कार्यकर्ताओं की नाराजगी की चर्चा भी है। इन सबके बीच अभिषेक आज अपना नामांकन दाखिल करेंगे। उनके नामांकन के दौरान बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी मौजूद रहेंगे।

500 कार्यकर्ताओं संग मैदान में PK

जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर 13 जुलाई को अपना नामांकन दाखिल करेंगे। चुनाव की घोषणा से पहले ही वह बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में लगातार चुनाव प्रचार कर रहे हैं। प्रचार के दौरान वह लोगों से अपने पक्ष में मतदान करने की अपील करते हुए दावा कर रहे हैं कि बिहार में बदलाव की शुरुआत बांकीपुर से हो सकती है, इसलिए उन्हें समर्थन दें।

प्रशांत किशोर के साथ उनकी पूरी चुनावी टीम भी मैदान में सक्रिय है। करीब 500 से अधिक कार्यकर्ताओं की टीम स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता से उठा रही है। साथ ही, पिछले 35 वर्षों में बीजेपी के कार्यकाल और विकास कार्यों का लेखा-जोखा जनता के सामने रखकर वोटरों को साधने की कोशिश की जा रही है।

Updated on:
09 Jul 2026 07:33 am
Published on:
09 Jul 2026 07:24 am