पटना

‘जिसे बांकीपुर की चौहद्दी नहीं पता, वो चुनाव क्या जीतेगा?’ BJP मंत्री रामकृपाल यादव का PK पर बड़ा हमला

Bankipur By Election: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में सियासी जुबानी जंग तेज हो गई है। बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव ने जन सुराज के उम्मीदवार प्रशांत किशोर पर निशाना साधते हुए उनकी स्थानीय जानकारी और राजनीतिक क्षमता पर सवाल उठाए, तो वहीं प्रशांत किशोर ने भाजपा को चुनौती देते हुए दावा किया कि जनता की ताकत से ही दिल्ली से पटना तक पार्टी के बड़े नेता चुनाव प्रचार में उतरने को मजबूर हुए हैं।
2 min read
Jul 20, 2026
bankipur bypoll bjp vs prashant kishor
बीजेपी प्रत्याशी के साथ चुनाव प्रचार करते मंत्री रामकृपाल यादव और पत्रकारों से बात करते प्रशांत किशोर

Bankipur By Election: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के प्रचार के बीच बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव ने जन सुराज के उम्मीदवार प्रशांत किशोर पर तीखा हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि प्रशांत किशोर भाजपा की ताकत देखकर घबरा गए हैं और उन्हें बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र की बुनियादी जानकारी तक नहीं है। रामकृपाल यादव ने कहा, "प्रशांत किशोर देश-विदेश घूमते रहे हैं। उन्हें बांकीपुर विधानसभा की चौहद्दी तक नहीं पता। जिसे अपने चुनाव क्षेत्र की चौहद्दी का ही पता नहीं है, वह चुनाव क्या जीतेगा?"

उन्होंने आगे कहा कि प्रशांत किशोर ने 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में सभी सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे, लेकिन परिणाम सबके सामने है। उन्होंने कहा, "2025 का चुनाव परिणाम बताता है कि जनता ने उन्हें स्वीकार नहीं किया। अब वे भाजपा की ताकत देखकर घबरा गए हैं।" भाजपा के नेतृत्व को लेकर पूछे गए सवाल पर रामकृपाल यादव ने कहा कि पार्टी का संगठन और नेतृत्व दोनों बेहद मजबूत हैं। उन्होंने कहा, "भारतीय जनता पार्टी का नेतृत्व इतना मजबूत है कि विपक्षी दल और उनके नेता उससे भयभीत हैं। यही वजह है कि वे लगातार भाजपा पर निशाना साध रहे हैं।"

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर सभी प्रमुख राजनीतिक दलों ने चुनाव प्रचार तेज कर दिया है। भाजपा और जन सुराज के बीच जुबानी हमले भी लगातार तेज हो रहे हैं। ऐसे में यह उपचुनाव अब सिर्फ एक विधानसभा सीट का चुनाव नहीं, बल्कि राजनीतिक प्रतिष्ठा की लड़ाई बनता नजर आ रहा है।

दिल्ली से पटना तक सब मैदान में

इधर, जन सुराज के संस्थापक और बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के उम्मीदवार प्रशांत किशोर ने चुनावी सभा को संबोधित करते हुए भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यदि लोग भाजपा के सांसदों और विधायकों को अपने बीच सक्रिय देखना चाहते हैं, तो उन्हें इस उपचुनाव में भाजपा को हराना होगा। प्रशांत किशोर ने कहा, "अभी आपने अपनी ताकत का सिर्फ एक प्रतिशत दिखाया है, इसलिए भाजपा के नेता आपके दरवाजे तक पहुंचने लगे हैं। जिस दिन आप अपनी पूरी ताकत दिखा देंगे, उस दिन वे आपकी हर बात मानेंगे और आपका हर काम करेंगे।" उन्होंने कहा, "आज 40-50 मंत्री और विधायक गली-गली घूम रहे हैं। यह मेरी ताकत नहीं, बल्कि बांकीपुर की जनता की ताकत है। मेरे पास न कोई बड़ा संगठन है और न ही कार्यकर्ताओं की लंबी फौज। मेरे साथ सिर्फ जनता खड़ी है। जनता ही कह रही है कि इस बार बांकीपुर में बदलाव होकर रहेगा।"

BJP को हराइए, काम कराइए

प्रशांत किशोर ने दावा किया कि जनता के समर्थन की वजह से ही दिल्ली से लेकर पटना तक भाजपा के बड़े नेता चुनाव प्रचार में उतर गए हैं। उन्होंने कहा, "भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अपने दूसरे काम छोड़कर पटना में कैंप कर रहे हैं। यह मेरी नहीं, बल्कि बांकीपुर की जनता की ताकत का असर है।" उन्होंने जनता से वादा करते हुए कहा कि यदि उन्हें जीत का मौका मिला तो वे भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने की दिशा में काम करेंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि राशन कार्डधारकों को मिलने वाले अनाज की मात्रा बढ़ाकर चार किलो से पांच किलो कराने का प्रयास करेंगे।

Updated on:
20 Jul 2026 05:15 pm
Published on:
20 Jul 2026 05:11 pm