पटना

Bihar Politics: बिहार बीजेपी में नई टीम की तैयारी तेज, पुराने दिग्गजों के साथ नए चेहरों को मिलेगा मौका

Bihar Politics बिहार बीजेपी नई प्रदेश कमेटी को अंतिम रूप देने की तैयारी में जुटी है। प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने नेताओं की सूची आलाकमान को भेज दी है। नई कमेटी में नए और पुराने चेहरों के संतुलन के साथ करीब तीन दर्जन नेताओं को जिम्मेदारी मिलने की संभावना है। ताकि वरिष्ठ नेताओं के अनुभव और युवाओं के जोश दोनों का लाभ संगठन को मिल सके।
2 min read
May 10, 2026
Chhattisgarh BJP
Chhattisgarh BJP- Demo Pic

Bihar Politics: बंगाल चुनाव के बाद बीजेपी ने बिहार की नई प्रदेश कमेटी को अंतिम रूप देने की तैयारी तेज कर दी है। इसको लेकर आज दिल्ली में मंथन होगा। प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कमेटी में शामिल किए जाने वाले नेताओं की सूची पहले ही आलाकमान को मंजूरी के लिए भेज दी है। पार्टी नेतृत्व से हरी झंडी मिलते ही राज्य इकाई की ओर से प्रदेश पदाधिकारियों की औपचारिक घोषणा कर दी जाएगी। मौजूदा प्रदेश कमेटी का गठन मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रदेश अध्यक्ष रहने के दौरान हुआ था।

युवाओं-महिलाओं पर फोकस

सम्राट चौधरी के बाद से बिहार बीजेपी प्रदेश कमेटी का गठन नहीं हो सका है। संजय सरावगी को प्रदेश अध्यक्ष बने पांच महीने से अधिक समय बीत चुका है। अब उनकी पहल पर प्रदेश कमेटी के गठन की प्रक्रिया को अंतिम रूप देने की कोशिश तेज कर दी गई है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक इसको लेकर रविवार को दिल्ली में बैठक होनी है। सूत्रों का कहना है कि इस बैठक में ही इसपर अन्तिम मुहर लग सकती है। नई कमेटी में करीब तीन दर्जन नेताओं को जगह दिए जाने की तैयारी है। नई कमेटी में सामाजिक समीकरण का भी विशेष ध्यान रखा गया है। पार्टी के कोर वोटर माने जाने वाले वर्गों के साथ-साथ अन्य जाति, धर्म और वर्ग के नेताओं को भी कमेटी में स्थान दिया गया है, ताकि समाज के बीच सकारात्मक संदेश जा सके।

नई कमेटी में प्रदेश उपाध्यक्ष, महासचिव, सचिव, कोषाध्यक्ष और कार्यालय प्रभारी जैसे महत्वपूर्ण पदों पर जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। पार्टी कुछ नए चेहरों को भी मौका देने के पक्ष में है। सूत्रों का कहना है कि नए और पुराने नेताओं के संतुलन के साथ प्रदेश कमेटी की टीम तैयार की जा रही है, ताकि वरिष्ठ नेताओं के अनुभव और युवाओं के जोश दोनों का लाभ संगठन को मिल सके। सूत्रों का कहना है कि पार्टी संगठन में उन लोगों को भी महत्वपूर्ण भूमिका दे सकती है, जिनको सम्राट कैबिनेट में जगह नहीं मिल पाया है।

इसके साथ ही, नई कमेटी में महिलाओं को भी अच्छी भागीदारी देने की योजना है। मौजूदा कमेटी की तुलना में नई कमेटी का आकार छोटा रखा जा सकता है। मुख्य कमेटी की घोषणा के बाद प्रवक्ता, मीडिया पैनलिस्ट और मीडिया प्रभारी के नाम भी घोषित किए जा सकते हैं।

जायसवाल के बाद सरावगी को कमान

लोकसभा चुनाव के बाद बिहार बीजेपी की कमान डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल को सौंपी गई थी। उस समय नेताओं को उम्मीद थी कि जल्द ही नई प्रदेश कमेटी का गठन होगा, लेकिन उनके कार्यकाल में यह प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। बिहार विधानसभा चुनाव के बाद डॉ. जायसवाल मंत्रिमंडल में शामिल हो गए। इसके बाद पार्टी ने ‘एक व्यक्ति, एक पद’ के सिद्धांत के तहत दिसंबर 2025 में उनकी जगह संजय सरावगी को बिहार बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंप दी।

Updated on:
10 May 2026 12:33 pm
Published on:
10 May 2026 09:47 am