पटना

जेब में 20,552 कैश, बैंक बैलेंस भी मामूली, लेकिन दिल्ली में करोड़ों का फ्लैट; साल के आखिरी दिन CM नीतीश ने घोषित की संपत्ति

Nitish Kumar Asset Declaration: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उनकी कैबिनेट ने साल के आखिरी दिन अपनी चल-अचल संपत्ति का ब्योरा सार्वजनिक कर दिया है। जानिए सीएम नीतीश और उनके दोनों डिप्टी सीएम के पास कितनी संपत्ति है।

2 min read
Dec 31, 2025
Nitish Kumar (ANI)

Nitish Kumar Asset Declaration: 2025 के आखिरी दिन (31 दिसंबर) बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पारदर्शिता की परंपरा को निभाते हुए अपनी संपत्ति का ब्यौरा सार्वजनिक किया। घोषणा के अनुसार, मुख्यमंत्री के पास हाथ में बहुत कम कैश और मामूली बैंक बैलेंस है, लेकिन उनके पास दिल्ली में करोड़ों रुपये का एक फ्लैट है, जो उनकी अचल संपत्ति के तौर पर दर्ज है। मुख्यमंत्री के साथ-साथ बिहार कैबिनेट के अन्य मंत्रियों ने भी अपनी-अपनी संपत्ति का ब्यौरा साझा किया।

ये भी पढ़ें

Bihar Politics: RLM में टूट की अटकलों पर ब्रेक? एक फ्रेम में दिखे उपेंद्र कुशवाहा के तीन विधायक, लिखा- हम साथ-साथ…

हाथ में बहुत कम कैश

घोषित ब्यौरे के अनुसार, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पास कुल 20,552 रुपये कैश हैं। उनके तीन बैंक खातों में कुल 57,766 रुपये हैं। इसमें से 27,217 रुपये स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (पटना सचिवालय ब्रांच), 3,358 रुपये SBI पार्लियामेंट हाउस, नई दिल्ली और 27,191 रुपये पटना के बोरिंग रोड स्थित पंजाब नेशनल बैंक में हैं। इसका मतलब है कि बैंक में जमा पैसे और हाथ में मौजूद कैश को मिलाकर, नीतीश कुमार के पास कुल 78,318 रुपये हैं।

गाड़ी और गहने भी घोषित

चल संपत्ति के तौर पर मुख्यमंत्री के पास एक फोर्ड इकोस्पोर्ट कार है, जिसकी घोषित कीमत 11,32,753 रुपये है। इसके अलावा, उनके पास लगभग 2,03,000 रुपये के गहने भी हैं। कैश, बैंक बैलेंस, कार और गहनों को मिलाकर, मुख्यमंत्री की कुल चल संपत्ति का अनुमान 17,66,196 रुपये है।

दिल्ली में 1.48 करोड़ रुपये का फ्लैट

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सबसे बड़ी संपत्ति उनकी अचल संपत्ति है। दिल्ली के द्वारका इलाके में संसद बिहार कोऑपरेटिव हाउसिंग सोसाइटी में एक फ्लैट (नंबर A-305) उनके नाम पर रजिस्टर्ड है। लगभग 1000 वर्ग फुट के इस फ्लैट की मौजूदा बाजार कीमत 1.48 करोड़ रुपये घोषित की गई है। यह संपत्ति उनकी कुल संपत्ति का सबसे बड़ा हिस्सा है।

उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की संपत्ति

उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, उनके पास 1,35,000 रुपये कैश हैं, जबकि उनकी पत्नी कुमारी ममता के पास 35,000 कैश हैं। बैंक खातों की बात करें तो उनके SBI और HDFC खातों में लगभग 17.45 लाख रुपये जमा हैं। सम्राट चौधरी को हथियारों का भी शौक है। उनके पास 4 लाख की NP बोर राइफल और 2 लाख का रिवॉल्वर है, जो उन्हें उनके पिता शकुनी चौधरी से तोहफे में मिला था।

सम्राट चौधरी के पास 2023 मॉडल की बोलेरो नियो कार है। गहनों के मामले में, पति-पत्नी दोनों के पास 200-200 ग्राम सोना है, जिसकी कुल अनुमानित कीमत लगभग 40 लाख रुपये है। उनकी अचल संपत्तियां मुख्य रूप से मुंगेर और तारापुर इलाकों में हैं, जिनकी कुल कीमत करोड़ों रुपये में है।

उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा की संपत्ति

विजय कुमार सिन्हा के पास कृषि भूमि की तुलना में ज्यादा आवासीय और व्यावसायिक भूमि है। उनके पास 11.62 करोड़ रुपये से ज्यादा की कुल संपत्ति बताई गई है। लखीसराय के सिंघाचक में कृषि भूमि के अलावा, उनके पास पुणे (महाराष्ट्र) और पटना में भी कीमती प्लॉट हैं। उनके पास एक रिवॉल्वर और एक राइफल भी है। उनके पास लगभग 1.01 करोड़ रुपये की चल संपत्ति है, जबकि उनकी पत्नी के पास 2.81 करोड़ की चल संपत्ति है। विजय सिन्हा के पास 2023 मॉडल की महिंद्रा बोलेरो और एक दोपहिया वाहन भी है। इसके अलावा, उनके पास लगभग 90 ग्राम सोना है। हालांकि सिन्हा पर विभिन्न बैंकों का करीब 40 लाख रुपये का लोन भी है।

कैबिनेट मंत्रियों ने भी संपत्ति का खुलासा किया

मुख्यमंत्री और दोनों उपमुख्यमंत्रियों के साथ-साथ बिहार सरकार के अन्य मंत्रियों ने भी साल के आखिरी दिन अपनी संपत्ति घोषित की है। यह प्रक्रिया राज्य सरकार की परंपरा का हिस्सा है, जिसके तहत मंत्रियों और शीर्ष जन प्रतिनिधियों को हर साल अपनी आय और संपत्ति सार्वजनिक रूप से घोषित करनी होती है।

ये भी पढ़ें

महुआ बाग नहीं, इस आलीशान बंगले में शिफ्ट हो सकता है लालू परिवार… खरमास के बाद होगा ‘गृह प्रवेश’

Also Read
View All

अगली खबर