पटना

बिहार में मंगल पांडेय वाली सीट पर उपचुनाव का ऐलान, 12 मई को डाले जाएंगे वोट

Bihar MLC By-Election: मंगल पांडेय के विधायक बनने के बाद खाली हुई विधान परिषद की सीट पर उपचुनाव का ऐलान हो चुका है। इस सीट के लिए 12 मई को वोटिंग होगी। 
2 min read
Apr 16, 2026
Elections
सांकेतिक इमेज

Bihar MLC By-Election: बिहार विधान परिषद (MLC) की एक और सीट के लिए उपचुनाव की घोषणा कर दी गई है। यह सीट तब खाली हुई जब भाजपा नेता और पूर्व स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय विधानसभा चुनाव में चुन लिए गए। गुरुवार को इस संबंध में एक अधिसूचना जारी करते हुए चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया कि इस सीट के लिए मतदान 12 मई को होगा और परिणाम उसी शाम घोषित कर दिए जाएंगे। इससे पहले, भोजपुर-सह-बक्सर स्थानीय प्राधिकार निर्वाचन क्षेत्र के लिए भी चुनाव की घोषणा की गई थी।

चुनाव कार्यक्रम का पूरा ब्योरा

चुनाव आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, इस उपचुनाव की प्रक्रिया 23 अप्रैल को शुरू होगी। आधिकारिक अधिसूचना जारी करने की तारीख 23 अप्रैल 2026 है। इसके बाद नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 30 अप्रैल 2026 है और नामांकन पत्रों की जांच 2 मई 2026 को होगी। नामांकन 4 मई तक वापस लिए जा सकते हैं। इसके बाद 12 मई को सुबह 9:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक इस सीट के लिए मतदान होगा। वोटों की गिनती भी 12 मई को शाम 5:00 बजे से शुरू होगी।

क्यों खाली हुई सीट?

विधानसभा चुनाव 2025 से पहले भाजपा नेता मंगल पांडेय बिहार विधान परिषद के सदस्य थे। लेकिन जब नवंबर 2025 में बिहार विधानसभा चुनाव हुए तो वे सीवान निर्वाचन क्षेत्र से विधायक चुने गए थे। विधायक बनने के बाद उन्होंने 16 नवंबर 2025 को विधान परिषद की अपनी सदस्यता से इस्तीफा दे दिया, जिसकी वजह से यह सीट खाली हो गई। इस सीट का कार्यकाल 6 मई 2030 तक है। चूंकि यह सीट पहले BJP के कोटे में थी, इसलिए उम्मीद है कि BJP इस सीट के लिए अपना ही उम्मीदवार उतारेगी।

12 मई को एक और MLC सीट के लिए वोटिंग

खास बात यह है कि बिहार में विधान परिषद की एक और सीट भोजपुर-सह-बक्सर स्थानीय निकाय कोटा के लिए भी उपचुनाव 12 मई को ही होना तय है। हालांकि, इस सीट के वोटों की गिनती 14 मई को की जाएगी। यहां मुकाबला NDA की ओर से जदयू के उम्मीदवार कन्हैया प्रसाद और महागठबंधन का प्रतिनिधित्व कर रहे RJD के सोनू राय के बीच है। यह सीट जदयू के राधचरण शाह के संदेश निर्वाचन क्षेत्र से विधायक बनने के बाद खाली हुआ था।

Updated on:
16 Apr 2026 06:19 pm
Published on:
16 Apr 2026 06:19 pm