
Bihar Monsoon बिहार के तीन जिलों के लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून के प्रसार के बाद राज्य के मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव क्षेत्र के कारण मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदल रहा है। सोमवार को राज्य के औरंगाबाद, रोहतास और भभुआ जिलों में मेघ गर्जन के साथ भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं, पटना सहित 17 जिलों में बादल छाए रह सकते हैं। कुछ स्थानों पर मेघ गर्जन, वज्रपात और छिटपुट बारिश की भी संभावना जताई गई है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में बने हालिया निम्न वायुदाब के कारण बिहार में मानसून के फिर से सक्रिय होने की संभावना है। इसके चलते प्रदेश के कई हिस्सों में पुरवा हवाओं का प्रभाव बढ़ गया है। इसी वजह से रविवार को पटना और आसपास के क्षेत्रों में दोपहर बाद अचानक घने बादल छा गए और लगभग पांच मिनट तक झमाझम बारिश हुई। मौसम विभाग का अनुमान है कि इस सप्ताह के दौरान बारिश की स्थिति में आंशिक सुधार देखने को मिल सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण और पश्चिम बिहार के कुछ हिस्सों में भारी बारिश होने की संभावना है। राज्य के तीन प्रमुख जिलों औरंगाबाद, रोहतास और भभुआ में सोमवार को भारी बारिश हो सकती है। इन जिलों के प्रशासन और आम लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है, क्योंकि भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चलने और जलजमाव की स्थिति बनने की संभावना है।
मौसम विभाग ने पटना सहित बिहार के 17 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग ने लोगों को आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है। येलो अलर्ट के तहत पटना, गयाजी, जहानाबाद, नालंदा, नवादा, अरवल, शेखपुरा, लखीसराय, जमुई, भागलपुर, बांका, मुंगेर, कटिहार, भोजपुर, बक्सर, भभुआ और रोहतास जिलों को विशेष रूप से सतर्क रहने की चेतावनी दी गई है।