Bihar Politics: जदयू कार्यालय से ‘25 से 30 फिर से नीतीश’ वाले पोस्टर हटा दिए गए हैं। इसे लेकर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। राजनीतिक जानकार इसे नेतृत्व परिवर्तन का स्पष्ट संकेत मान रहे हैं।
Bihar Politics नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफे की चर्चाओं के बीच जदयू कार्यालय से ‘25 से 30 फिर नीतीश’ वाले सभी पोस्टर हटा दिए गए हैं। इसे लेकर पार्टी में बड़े बदलाव की चर्चा तेज हो गई है। बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान जदयू कार्यालय में नीतीश कुमार का करीब 25 से 30 फीट ऊंचा पोस्टर लगा था, जिसमें वे प्रमुख चेहरा थे। हालांकि, सोमवार को इसे हटा दिया गया। इस्तीफे की अटकलों के बीच इस कदम को लेकर कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं। राजनीतिक जानकार इसे सिर्फ पोस्टर हटना नहीं, बल्कि संभावित नेतृत्व परिवर्तन का स्पष्ट संकेत मान रहे हैं।
जदयू कार्यालय के बाहर ‘25 से 30 फिर से नीतीश’ के नारे वाले पोस्टर हटते ही यह चर्चा तेज हो गई है कि सिर्फ सरकार ही नहीं, बल्कि पार्टी में भी बड़े बदलाव की संभावना है। इधर, तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार की जनता ने ‘25 से 30 फिर से नीतीश’ के नाम पर वोट दिया था, लेकिन बीजेपी ने नीतीश कुमार को जबरन उनके पद से हटाकर मुख्यमंत्री की कुर्सी “हाइजैक” कर ली। तेजस्वी यादव ने आगे कहा, “जदयू अब पहले जैसी नहीं रही, बल्कि भाजपा का प्रकोष्ठ बन गई है। भाजपा के एजेंट ही जदयू में हैं, जिन्होंने पार्टी को खत्म कर दिया।” उन्होंने यह भी कहा कि नीतीश कुमार की जिस तरह से विदाई हुई, वह बेहद दुखद है।