
बिहार MLC चुनाव में धांधली का आरोप, फोटो सोर्स- एक्स ( @SadanJee )
Bankipore counting hall CCTV issue,: बिहार विधान परिषद की पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र सीट के लिए जारी मतगणना के बीच मंगलवार को बड़ा विवाद खड़ा हो गया। पटना के बांकीपुर स्थित गवर्नमेंट गर्ल्स हाई स्कूल मतगणना केंद्र के अंदर सीसीटीवी (CCTV) कैमरे न होने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस उम्मीदवार संजय यादव धरने पर बैठ गए। उन्होंने मतगणना हॉल के भीतर सुरक्षा और पारदर्शिता पर सवाल उठाते हुए तुरंत कैमरे लगाए जाने की मांग की।
कांग्रेस उम्मीदवार संजय यादव ने आरोप लगाया कि मतगणना केंद्र के परिसर में तो कैमरे लगाए गए हैं, लेकिन मुख्य काउंटिंग हॉल के अंदर से कैमरे गायब हैं, जबकि वहां सीसीटीवी की वायरिंग साफ दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि हालांकि बैलेट पेपर से हो रही वोटों की गिनती की पूरी वीडियोग्राफी की जा रही है, लेकिन हॉल के भीतर सीसीटीवी कैमरों की गैरमौजूदगी से नतीजों में हेरफेर या धांधली की गंभीर आशंका पैदा होती है।
राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के प्रत्याशी डॉ. संजीव कुमार सिंह ने भी हॉल के भीतर सीसीटीवी न होने पर गहरा आश्चर्य व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जब पंचायत चुनावों की मतगणना में भी काउंटिंग हॉल के अंदर सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाए जाते हैं, तो विधान परिषद जैसे महत्वपूर्ण चुनाव में यह लापरवाही क्यों की गई? डॉ. संजीव ने इस पूरे मामले को चुनाव आयोग (ECI) के समक्ष उठाने की बात कही।
दूसरी ओर, जनता दल यूनाइटेड (JDU) के उम्मीदवार और निवर्तमान विधान पार्षद (MLC) नीरज कुमार ने विपक्ष के इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। नीरज कुमार ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग (ECI) की देखरेख में पूरी मतगणना प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से चल रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि सुबह 8 बजे गिनती शुरू होते ही विपक्षी उम्मीदवार आरोप लगाने क्यों लगे? उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जब नतीजे घोषित हो जाएंगे, तब ये लोग न जाने क्या-क्या आरोप लगाएंगे।
पटना शिक्षक सीट पर मुख्य मुकाबला निवर्तमान एमएलसी और बीजेपी उम्मीदवार नवल किशोर यादव, आरजेडी के संजीव सिंह, जन सुराज पार्टी की विद्या ज्योति और कांग्रेस के संजय यादव के बीच माना जा रहा है। बता दें कि मंगलवार को उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र और कर्नाटक की विधान परिषदों की कुल 28 सीटों के लिए मतों की गिनती जारी है।
Updated on:
27 Oct 2026, 12:43 PM IST
Published on:
27 Oct 2026, 12:22 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.