Bihar Weather: पछुआ हवा के चलते बिहार में ठंडी हवाओं का असर तेज हो गया है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के लिए चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि सुबह से शाम तक कोहरा छाया रह सकता है।
Bihar Weather: बिहार में इस समय मौसम का मिजाज बेहद सख्त हो गया है। आसमान में सक्रिय जेट स्ट्रीम और उत्तर-पश्चिमी दिशा से चल रही पछुआ हवाओं के कारण राज्य में ठंडी हवा का प्रभाव तेज हो गया है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, यही वजह है कि बिहार के अधिकांश हिस्सों में लगातार घना कोहरा छाया हुआ है और तापमान में तेज गिरावट दर्ज की जा रही है। ठंड की यह स्थिति अगले कुछ दिनों तक बनी रह सकती है, जिससे लोगों को कड़ाके की सर्दी का सामना करना पड़ेगा।
भारतीय मौसम विभाग (IMD), पटना ने बिहार के अधिकांश जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग का कहना है कि अगले 48 घंटे राज्य के लिए सबसे ज्यादा चुनौतीपूर्ण रह सकते हैं। लोगों को सलाह दी गई है कि बहुत जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकलें। सुबह से लेकर देर शाम तक छाए रहने वाले घने कोहरे के कारण सड़क, रेल और हवाई यातायात पर बुरा असर पड़ा है। कई जगहों पर विजिबिलिटी बेहद कम हो गई है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है।
IMD के पूर्वानुमान के अनुसार सोमवार, 22 दिसंबर को गया, नालंदा, अरवल और जहानाबाद जिलों के कुछ हिस्सों में शीत दिवस जैसी स्थिति बन सकती है। इन इलाकों में दिन का तापमान सामान्य से काफी नीचे रह सकता है। वहीं, बिहार के उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में स्थित सीतामढ़ी और शिवहर जिलों में कई स्थानों पर घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। राज्य के बाकी जिलों में भी हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा बने रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने यह भी संकेत दिया है कि मंगलवार को भी हालात में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है।
पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सिवान, सारण (छपरा), वैशाली, मुजफ्फरपुर, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, पटना, नालंदा, शेखपुरा, बेगूसराय, अरवल, जहानाबाद, नवादा, गया, औरंगाबाद, रोहतास, कैमूर (भभुआ) और बक्सर में कोल्ड डे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
ठंड की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कई जिलों में दिन और रात के तापमान के बीच का अंतर बहुत कम रह गया है। पटना और भागलपुर में अधिकतम और न्यूनतम तापमान के बीच केवल करीब 4 डिग्री का अंतर दर्ज किया गया। सुपौल में यह अंतर लगभग 3 डिग्री रहा। मुजफ्फरपुर में हालात और भी गंभीर रहे, जहां दिन और रात के तापमान में सिर्फ डेढ़ डिग्री का फर्क देखा गया। इस वजह से पूरे दिन ठंड और कनकनी का एहसास बना रहा।
रविवार को राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस गया में रिकॉर्ड किया गया। बीते 24 घंटों में बिहार के पश्चिमी और मध्य जिलों के न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। कोहरे की स्थिति इतनी गंभीर रही कि गया में दृश्यता घटकर केवल 50 मीटर रह गई। पूरे राज्य में औसत अधिकतम तापमान 15 से 20 डिग्री के बीच रहा, जबकि केवल किशनगंज में अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा।
भीषण ठंड अब जानलेवा भी साबित होने लगी है। सीतामढ़ी जिले के चोरौत इलाके में ठंड लगने से एक 16 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। बताया गया कि क्रिकेट खेलने के बाद घर लौटने पर वह अचानक अचेत हो गया। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं बांका जिले में भी ठंड लगने से एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि हुई है।