
Bihar Weather:बिहार में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार से राज्य में मौसम का रौद्र रूप देखने को मिल सकता है। पटना मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा 8 जुलाई 2026 को जारी पूर्वानुमान के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश और उससे सटे दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश के ऊपर बने सुस्पष्ट निम्न दबाव क्षेत्र, मौसमी द्रोणी रेखा और चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से बिहार के अधिकांश जिलों में अगले कुछ दिनों तक झमाझम बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान बिहार के सीमांचल और उत्तर-पूर्वी हिस्सों में मानसूनी बारिश का असर लगातार बना रहा। किशनगंज जिले के एक-दो स्थानों पर अत्यधिक भारी वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा अररिया, सुपौल और पूर्णिया जिलों के कई इलाकों में भी भारी बारिश हुई।
बारिश के कारण राज्य के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई। पिछले 24 घंटों में पश्चिमी चंपारण के वाल्मीकिनगर में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि फोरबिसगंज में सबसे कम न्यूनतम तापमान 24.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं, बांका, पटना और मधुबनी जिलों में 31 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चलीं, जिससे कई इलाकों में मौसम सुहावना हो गया।
मौसम विभाग के अनुसार 9 जुलाई 2026 यानी गुरुवार को बिहार के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना है। इसे देखते हुए विभाग ने विभिन्न जिलों के लिए बारिश, मेघ गर्जन और वज्रपात को लेकर ऑरेंज तथा येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के मुताबिक, गोपालगंज और पश्चिमी चंपारण जिलों में मौसम का सबसे अधिक रौद्र रूप देखने को मिल सकता है। इन जिलों में मेघ गर्जन, भीषण वज्रपात और अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, 9 जुलाई को भोजपुर, बक्सर, पूर्वी चंपारण, किशनगंज, सारण और सीवान जिलों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश होने की संभावना है। इसे देखते हुए प्रशासन और मौसम विभाग ने आम लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। वहीं, उत्तर-मध्य और दक्षिण-पूर्व बिहार के अररिया, अरवल, औरंगाबाद, भभुआ (कैमूर), कटिहार, मधेपुरा, पूर्णिया, रोहतास, सहरसा और सुपौल जिलों में भारी बारिश की संभावना नहीं है। हालांकि, इन जिलों में मेघ गर्जन, आकाशीय बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान जारी किया गया है।