Bihar Weather: बिहार में घने कोहरे और बर्फीली पछुआ हवा की वजह से कनकनी बढ़ गई है। मौसम विभाग का कहना है कि 23 दिसंबर से मौसम में सुधार होने की संभावना है। लेकिन, पटना के लोगों को ठंड से फिलहाल राहत मिलने की संभावना नहीं है।
Bihar Weather: पटना समेत पूरे बिहार में पछुआ हवा से शीत दिवस जैसे हालात हैं। मौसम विभाग के अनुसार, न्यूनतम तापमान और गिरेगा और सर्दी बढ़ेगी। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिम उत्तर भारत में 12.6 किमी ऊपर 125 किमी/घंटा की रफ्तार से पश्चिमी जेट स्ट्रीम चल रही है, जिससे ठंड बढ़ी है। 23 दिसंबर से मौसम में बदलाव के आसार, जिससे लोगों को आंशिक राहत मिलने की संभावना है।
ठंड की वजह से बक्सर के डुमरांव में ठंड से 8 बच्चे बेहोश हो गए। शनिवार को उड़ीयानगंज मध्य विद्यालय बीच क्लास में एक के बाद एक आठ बच्चे ठंड की वजह से बेहोश हो गए। तत्काल उनका इलाज कराया गया। जिसके बाद वे ठीक हुए। अधिकारियों ने पहुंचकर स्थिति देखी। डॉक्टरों के अनुसार, ज्यादा ठंड से ऐसा हुआ। प्रशासन ने बच्चों को स्वेटर, टोपी, ऊनी वस्त्र दिए और स्कूल में अलाव की व्यवस्था की।
ठंड के साथ कोहरा छाए रहने की वजह से रफ्तार पर ब्रेक लग गया है। मौसम विभाग के अनुसार रविवार और सोमवार को बिहार के ज्यादातर शहरों में घने से मध्यम स्तर का कोहरा छाया रहेगा। लेकिन, दिन चढ़ने पर कोहरा छंटने की भी संभावना है। रविवार को सुबह में पटना में कोहरा छाया रहेगा। लेकिन, दोपहर बाद बादल छाए रहने के आसार हैं। जिससे राजधानी वासियों को लगातार चौथे दिन धूप के दर्शन होने की उम्मीद नहीं है। शनिवार को पटना में सुबह के समय मध्यम स्तर का कोहरा छाया रहा। पटना का अधिकतम तापमान 16.6 और न्यूनतम तापमान 12.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, बर्फीले इलाकों में बर्फबारी और पश्चिमी विक्षोभ से हिमालय से ठंडी पछुआ हवा आ रही है, जिससे मौसम सर्द है। पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, पटना, शिवहर, मुजफ्फरपुर, बक्सर, सीतामढ़ी, कैमूर समेत पश्चिम और मध्य बिहार में कोल्ड डे जैसी स्थिति है। इन जिलों में धूप निकलने की संभावना कम, अधिकतम तापमान 14-20°C रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार आज भी इसका असर रहेगा।