पटना

Bihar Weather: बिहार में कोहरे ने दी दस्तक, 3 डिग्री तक गिरा तापमान, जानिए आज का मौसम पूर्वानुमान

Bihar Weather: बिहार में अब धीरे धीरे तापमान में गिरावट दर्ज होने लगी है। पिछले 24 घंटे में कई जिलों में एक से तीन डिग्री तक पारा गिरा है। फिलहाल ठंड हल्की है लेकिन आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट के साथ ठंड बढ़ेगी।
2 min read
Nov 08, 2025
CG Winter: छत्तीसगढ़ में आज से ठंड दे सकती है राहत, कई इलाकों में शीतलहर चलने की संभावना

Bihar Weather: बिहार में मौसम ने करवट ले ली है। उत्तर और पूर्वी जिलों में सुबह-सुबह कोहरे की चादर देखने को मिली है, जबकि रात और सुबह के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार आगामी दिनों में ठंड का प्रभाव और तेज होने वाला है। दिन में धूप हल्की और नरम रहेगी, जबकि शाम होते-होते ठंडी हवा का असर बढ़ जाएगा। मौसम विभाग के अनुसार 10 नवंबर के बाद न्यूनतम तापमान में और 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है।

पटना में महसूस होने लगी हल्की ठंड

राजधानी पटना के कुछ इलाकों में शनिवार की सुबह हल्के कोहरे और धीमी ठंडी हवा के साथ शुरू हुई। अधिकतम तापमान लगभग 26 से 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 से 18 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। सुबह के समय हवा में हल्की नमी और धुंध की स्थिति बनी रहेगी, जबकि दोपहर के बाद मौसम साफ हो जाएगा। मौसम विज्ञानियों का मानना है कि उत्तर-पश्चिम से आने वाली ठंडी हवाओं के कारण आने वाले दिनों में रात का तापमान और गिरेगा।

उत्तर बिहार में ज्यादा कोहरा

दरभंगा, मधुबनी, सुपौल, समस्तीपुर, पूर्णिया, किशनगंज और अररिया जैसे जिलों में कोहरे की विजीविलिटी घटकर 800 से 1200 मीटर तक आ गई है। ये वही इलाके हैं जहां सर्दी हर वर्ष जल्दी सक्रिय होती है। किशनगंज और बांका में न्यूनतम तापमान 18 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया, जिसका मतलब है कि ठंड अब धीरे-धीरे दस्तक दे चुकी है। मौसम विभाग का कहना है कि पहाड़ी इलाकों से लगातार ठंडी हवाओं के प्रवेश के कारण बिहार में तापमान अब स्थिर रूप से नीचा जाएगा।

दक्षिणी बिहार में दिन में गर्माहट, रात में बढ़ी ठंडक

गया, औरंगाबाद, नवादा और रोहतास जैसे जिलों में दिन के समय अभी भी हल्की गर्माहट बनी हुई है, लेकिन रात होते ही तापमान तेजी से नीचे आ रहा है। गया में न्यूनतम तापमान 17 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 30 डिग्री तक रहा। दिन और रात के तापमान के बीच अंतर बढ़ने से ठंड का असर ज्यादा महसूस हो रहा है।

किसानों के लिए मौसम का प्रभाव

यह मौसम रबी फसलों की बुवाई के लिए अनुकूल माना जा रहा है। विशेष रूप से गेहूं, चना और मसूर जैसी फसलों को इस समय की हल्की ठंड और कम नमी वाला मौसम लाभ पहुंचाता है। हालांकि सुबह के समय कोहरे के बढ़ने से कटाई और सिंचाई के समय किसानों को थोड़ी सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। कृषि वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले सप्ताह में ठंडी हवाओं की गति और बढ़ सकती है, जिससे सुबह की ओस अधिक बनने लगेगी। इससे फसलों में नमी का स्तर बेहतर रहेगा। फिलहाल मौसम किसानों के हित में है।

अगले तीन दिनों का मौसम पूर्वानुमान

9 से 11 नवंबर तक बिहार में मौसम सामान्य रहेगा, तापमान में हल्की गिरावट के बावजूद अधिकतम तापमान लगभग 28-30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18-20 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। कुछ जिलों में सुबह कोहरे की संभावना है, जिससे दृश्यता कम हो सकती है। सर्दी में वृद्धि होगी, खासकर रात और सुबह के समय ठंडकों का अनुभव होगा। फिलहाल भारी बारिश का कोई अलर्ट सक्रिय नहीं है, मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से तापमान में उतार-चढ़ाव बना रहेगा, दिसंबर के पहले सप्ताह तक ठंडी हवाओं की गति बढ़ सकती है।

Updated on:
08 Nov 2025 06:45 am
Published on:
08 Nov 2025 06:45 am