Bihar Weather बिहार में अगले 72 घंटे में मौसम बदलेगा। पहाड़ी इलाके में हो रही बर्फबारी और पछुआ हवा के कारण बिहार में ठंड की एंट्री हो गई है। सुबह में कुहासा, दिन में हल्की धूप और शाम की ठंडी हवा चल रही है।
Bihar Weather बिहार में मौसम बदलने का असर अब साफ-साफ दिखने लगा है। दो दिन पहले तक सुबह और शाम में ही हल्की ठंड का अहसास होता था, लेकिन अब दिन में भी चलने वाली हवाओं से लोगों को सर्दी महसूस हो रही है। तापमान अब धीरे-धीरे गिर रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ सकती है। मौसम विभाग का कहना है कि पहाड़ी इलाके में बर्फबारी हो रही है। इसका बिहार में भी असर दिखने लगा है। 15 नवंबर के बाद बिहार में सर्दी और बढ़ सकती है। तापमान में भी भारी गिरावट दर्ज की जाएगी। मौसम विभाग के अनुसार जारी रिपोर्ट के अनुसार शनिवार को दिन का अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस और रात का न्यूनतम तापमान 18.0 डिग्री सेल्सियस रहा।
IMD के अनुसार बिहार के कई शहरों में सुबह में नमी 87 प्रतिशत और शाम में 78 प्रतिशत दर्ज की गई। अगले कुछ दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री तक की और गिरावट होने की संभावना है। राहत की बात यह है कि बारिश की कोई संभावना नहीं बनते दिख रही है। साफ आसमान और ठंडी हवाओं से मौसम सुहावना बना हुआ है।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक आशीष कुमार का कहना है कि बिहार मे पहाड़ी इलाके में बर्फबारी होने की वजह से बढ़ रही है, पहाड़ी इलाके में बर्फबारी की ठंडी हवाएं बिहार तक आसानी से पहुंचने लगी है। इसकी वजह से ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है कि 15 नवंबर के बाद तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जाएगी। इस महीने के अंत तक न्यूनतम तापमान 12 से 13 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। आशीष कुमार का कहना है कि बिहार में अगले कुछ दिनों में घना कोहरा छाने की भी संभावना बन रही है। ऐसे मौसम में गाड़ी चलाने वालों को एहतियात बरतने की सलाह दी गई है।