Bihar Weather मौसम विभाग के अनुसार बिहार में अगले 24 घंटे तक बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने इसको लेकर लोगों को जरूरी होने पर ही घर से बहर निकलने की सलाह दिया है।
Bihar Weather मौसम विभाग ने आज (शुक्रवार) दक्षिण और मध्य बिहार के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही वज्रपात की चेतावनी जारी की है। दरअसल, मानसून की द्रोणिका रेखा बिहार के ऊपर से गुजर रही है। इसकी वजह से मानसून सक्रिय हो गया है। इसके साथ ही बारिश की गतिविधियां तेज हो गई हैं। शुक्रवार को इसको लेकर गयाजी, औरंगाबाद सहित कई जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले कुछ दिनों तक ऐसी ही स्थिति बनी रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने गयाजी, औरंगाबाद, नवादा, जहानाबाद, वैशाली और समस्तीपुर जिलों में अगले 24 घंटे के दौरान अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में बारिश के साथ वज्रपात की संभावना है। मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं पटना, अरवल, नालंदा, भोजपुर, बक्सर, रोहतास, कैमूर, सीवान, सारण, बेगूसराय, शेखपुरा, जमुई, लखीसराय, मुंगेर, भागलपुर, बांका, खगड़िया जिले के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। यहां बारिश और वज्रपात होने की आशंका जतायी गई है।
उत्तर बिहार के कई जिलों में आज मौसम साफ रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर बिहार के कई जिले जैसे दरभंगा, मधुबनी, सीतामढ़ी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा, सहरसा, पूर्वी और पश्चिमी चंपारण का मौसम साफ रहेगा। इन जिलों को लेकर मौसम विभाग ने किसी तरह की कोई चेतावनी जारी नहीं की है। इन जिलों में मौसम सामान्य रहने की उम्मीद है।
बिहार का सर्वाधिक अधिकतम तापमान पटना में रिकार्ड किया गया है। पटना में तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि अन्य शहरों में पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान की बात करें तो वाल्मीकि नगर में 25.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के अधिकांश स्थानों के न्यूनतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं दर्ज की गई। राज्य के मुजफ्फरपुर जिले में 33 कि.मी./ घंटा तक की हवा दर्ज की गई।