पटना

Bihar Weather: कोहरे की चादर में लिपटा बिहार, पश्चिमी विक्षोभ से लुढ़का पारा, कनकनी बढ़ी

Bihar weather मौसम विभाग ने बिहार में ठंड और कोहरे के बढ़ने की चेतावनी दी है। पछुआ हवाओं के कारण ठिठुरन बढ़ने की संभावना है
2 min read
Dec 12, 2025
Feature image
बिहार में अगले 72 घंटे में बदलेगा मौसम। फोटो सोशल साइट फेसबुक

Bihar Weather बिहार में पश्चिमी विक्षोभ और पछुआ हवा के कारण कनकनी बढ़ गई है। राज्य में 20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से पछुआ हवा चल रही है। मौसम विभाग के अनुसार, इस कारण कई जिलों में न्यूनतम तापमान 8 °C से भी नीचे गिर गया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले एक सप्ताह तक बिहार के लोगों को कनकनी से राहत नहीं मिलेगी। IMD के अनुसार इस पश्चिमी विक्षोभ के चलते पूर्वी चम्पारण, पश्चिमी चम्पारण, सीतामढ़ी, शिवहर, गोपालगंज आदि जिलों में तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है और अगले कुछ दिनों तक ठंड का असर बना रहेगा

कैसा रहेगा अगले सात दिन मौसम

मौसम विभाग के अनुसार, पछुआ हवा के कारण अगले एक सप्ताह तक प्रदेश का मौसम शुष्क रहने की संभावना है। साथ ही, कोहरे की वजह से ठंडी हवाएँ वायुमंडल के निचले स्तर पर ही बनी हुई हैं, जिससे ठिठुरन बढ़ गई है। विभाग ने बताया कि अगले दो‑तीन दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में और गिरावट होगी।

कैसा रहेगा पटना में मौसम

मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी पटना में अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। 13 दिसंबर तक पटना का न्यूनतम तापमान 13‑14 °C के बीच रहने की संभावना है, जबकि अधिकतम तापमान 23‑24 °C तक रहेगा। पिछले 24 घंटे में पटना का न्यूनतम तापमान 12.6 °C दर्ज किया गया। सुबह कोहरे के कारण कनकनी बढ़ी है। विभाग ने बताया कि तापमान में उतार‑चढ़ाव जारी रहेगा; तीन दिनों बाद न्यूनतम और पाँच दिनों बाद अधिकतम तापमान में क्रमिक गिरावट की संभावना है।

कैमूर सबसे ठंडा जिला

मौसम विभाग के अनुसार, पिछले कई दिनों से कैमूर के अधौरा प्रखंड में न्यूनतम तापमान सबसे कम दर्ज किया जा रहा है। यहाँ न्यूनतम तापमान 5.8 °C तक पहुँच गया है। औरंगाबाद, अरवल, गया, जहानाबाद जैसे जिलों में भी पारा काफी नीचे गिरा है। इससे सुबह और शाम की ठिठुरन तेज़ महसूस हो रही है।

 इन जिलों में घना कोहरा

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान मुजफ्फरपुर, सुपौल, पश्चिम चम्पारण, पूर्वी चम्पारण, शिवहर, सीतामढ़ी, गोपालगंज, पटना, बेगूसराय, सारण, सीवान, मधुबनी, दरभंगा, मधेपुरा, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, बांका और भागलपुर में सुबह और रात के समय मध्यम से घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। इन क्षेत्रों में रात और सुबह की दृश्यता 50 से 200 मीटर तक घट सकती है। अन्य जिलों में भी धुंध और मध्यम स्तर का कोहरा रहेगा।

Updated on:
12 Dec 2025 07:57 am
Published on:
12 Dec 2025 07:57 am