पटना

BPSC 70वीं का फाइनल रिजल्ट जारी, यूपी की श्रद्धा पांडे बनीं टॉपर, 2035 में 2027 चयनित

BPSC ने 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा का फाइनल रिजल्ट जारी कर दिया है। इस परीक्षा में श्रद्धा पांडे टॉपर बनी हैं, जबकि शशांक गौरव और आयुष बिजॉय क्रमशः दूसरे स्थान पर रहे। आयोग ने बताया कि कुल 2035 पदों के लिए वैकेंसी थी, जिनमें से 2027 अभ्यर्थी सफल हुए हैं।
2 min read
Jun 20, 2026
BPSC
BPSC

बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा का फाइनल रिजल्ट जारी कर दिया है। इस परिणाम का छात्र लंबे समय से इंतजार कर रहे थे। आयोग के इतिहास में यह सबसे बड़ी वैकेंसी मानी जा रही है। इस परीक्षा में श्रद्धा पांडे टॉपर बनी हैं, जबकि शशांक गौरव और आयुष बिजॉय क्रमशः दूसरे स्थान पर रहे।

आयोग के अध्यक्ष रवि मनुभाई परमार ने परिणाम जारी करते हुए बताया कि कुल 2035 पदों के लिए वैकेंसी निकाली गई थी, जिनमें से 2027 अभ्यर्थी ही सफल हो पाए हैं। आयोग ने कहा कि बड़ी संख्या में वैकेंसी और 5450 इंटरव्यू के कारण रिजल्ट तैयार करने में समय लगा। सफल उम्मीदवारों की नियुक्ति SDM, DSP, राजस्व अधिकारी सहित अन्य पदों पर की जाएगी। आयोग के अनुसार दिव्यांग कोटे के 8 पद खाली रह गए हैं।

BPSC 70वीं परीक्षा का फाइनल रिजल्ट जारी

BPSC 70वीं प्रारंभिक परीक्षा 13 दिसंबर 2024 को आयोजित की गई थी, जबकि मुख्य परीक्षा 25 अप्रैल से 30 अप्रैल 2025 तक पटना के 32 परीक्षा केंद्रों पर संपन्न हुई। इस परीक्षा में कुल 20,034 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। मुख्य परीक्षा का परिणाम 16 दिसंबर 2025 को घोषित किया गया था। इसके बाद जनवरी से अप्रैल 2026 तक इंटरव्यू प्रक्रिया चली, जिसमें मुख्य परीक्षा में सफल 5,401 अभ्यर्थियों को शामिल किया गया। इंटरव्यू प्रक्रिया पूरी होने के बाद आयोग ने चयनित अभ्यर्थियों की अंतिम सूची जारी कर दी है।

यूपी की श्रद्धा पांडे बनीं टॉपर

उत्तर प्रदेश की रहने वाली श्रद्धा पांडे ने इस परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान प्राप्त किया है। उन्हें कुल 593 अंक मिले हैं। वहीं शशांक गौरव और आयुष बिजॉय ने 592-592 अंक हासिल किए हैं और दोनों संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहे हैं।

ज्यादा वैकेंसी और इंटरव्यू के कारण रिजल्ट में हुई देरी

बिहार लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष ने देर से रिजल्ट जारी होने को लेकर उठे सवालों पर कहा कि 68वीं संयुक्त परीक्षा में केवल 324 वैकेंसी थीं, जिसमें 817 उम्मीदवारों का इंटरव्यू हुआ था। इसी तरह 69वीं परीक्षा में 475 वैकेंसी थीं और 1,252 अभ्यर्थियों का इंटरव्यू लिया गया था। वहीं 70वीं परीक्षा में 2,035 वैकेंसी थीं, जिसके लिए 5,450 उम्मीदवारों का इंटरव्यू हुआ। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में वैकेंसी और इंटरव्यू प्रक्रिया होने के कारण परिणाम तैयार करने में अधिक समय लगा, इसी वजह से रिजल्ट जारी होने में देरी हुई।

Bpsc Top Ten Students

Updated on:
20 Jun 2026 08:20 pm
Published on:
20 Jun 2026 07:45 pm