
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी (सोर्स: ANI)
Bhojpur Encounterबिहार के भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र में कथित पुलिस मुठभेड़ में मारे गए भरत तिवारी की मौत के मामले में सरकार ने न्यायिक जांच कराने का फैसला लिया है। इस जांच की जिम्मेदारी हाईकोर्ट के एक सेवानिवृत्त न्यायाधीश को सौंपी जाएगी। इसकी जानकारी मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दी।
मुख्यमंत्री ने लिखा, "भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव में 17 जून को हुई पुलिस मुठभेड़ की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच के लिए हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश द्वारा न्यायिक जांच कराने का निर्णय लिया गया है। न्यायिक जांच का उद्देश्य घटना के सभी पहलुओं की पारदर्शी और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करना है।"
भोजपुर जिले में कथित पुलिस एनकाउंटर का वीडियो सामने आने के बाद बिहार की राजनीति गरमा गई है। भाजपा के वरिष्ठ नेता अश्विनी चौबे ने इस घटना को "हत्या" करार दिया है। वहीं, जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा और शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने भी पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
दूसरी ओर, कांग्रेस नेता असित नाथ तिवारी ने इसे फर्जी एनकाउंटर बताते हुए सरकार पर निशाना साधा है। घटना के विरोध में शाहपुर क्षेत्र में ग्रामीणों ने प्रदर्शन भी किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर शाहपुर थानाध्यक्ष राजेश कुमार मलाकार समेत चार पुलिसकर्मियों को पहले ही निलंबित किया जा चुका है।
शाहपुर के बिलौटी गांव निवासी भरत भूषण तिवारी पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट कर पुलिस और प्रशासन को चुनौती दे रहा था। वायरल वीडियो में वह कथित तौर पर अवैध पिस्टल लहराते हुए एक एसडीएम को जान से मारने की धमकी देता दिखाई दे रहा था। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस उसे गिरफ्तार करने के लिए उसके घर पहुंची। पुलिस के अनुसार, मंगलवार को गिरफ्तारी के दौरान भरत भूषण तिवारी ने पुलिसकर्मियों पर पिस्टल तान दी और फायरिंग भी की, जिसमें पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए।
इसके बाद बुधवार सुबह भोजपुर एसटीएफ और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर उसे घेर लिया। पुलिस और भरत भूषण तिवारी के बीच हुई मुठभेड़ में वह घायल हो गया। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उसे इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (पीएमसीएच) में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
Updated on:
20 Jun 2026 05:31 pm
Published on:
20 Jun 2026 05:07 pm
