पटना

’10 दिन में एग्जाम डेट दें, नहीं तो होगा आंदोलन’ BSSC और बिहार सरकार को दिलीप कुमार का अल्टीमेटम

Protest For BSSC Exam date: बिहार कर्मचारी चयन आयोग (BSSC) की भर्ती परीक्षाओं में लगातार हो रही देरी और संविदा वेटेज के विरोध में छात्र नेता दिलीप कुमार ने अल्टीमेटम जारी किया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि 10 दिनों के भीतर BSSC द्वितीय इंटर स्तरीय और CGL-4 परीक्षा की तिथि घोषित नहीं की गई तथा संविदा वेटेज वापस नहीं लिया गया, तो बिहार के लाखों अभ्यर्थी महाआंदोलन शुरू करेंगे।
2 min read
Jun 29, 2026
bihar student protest, Bpsc TRE 4
गांधी मैदान में प्रदर्शन करते बिहार के छात्र (सांकेतिक) (Photo -@jansuraajonline/ X)

Protest For BSSC Exam date: बिहार में BSSC (बिहार कर्मचारी चयन आयोग) की परीक्षाओं में देरी को लेकर एक बार फिर बड़े छात्र आंदोलन की तैयारी हो रही है। छात्र नेता दिलीप कुमार ने BSSC और सरकार को 10 दिन का अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने कहा कि अगर आयोग इस समय-सीमा के भीतर BSSC 2nd इंटर लेवल और BSSC CGL 4 परीक्षाओं की आधिकारिक तारीखों की घोषणा नहीं करता है और हाल ही में लागू किए गए संविदा वेटेज नियम को वापस नहीं लेता है, तो पूरे बिहार में लाखों छात्र सड़कों पर उतरेंगे और एक महाआंदोलन शुरू करेंगे।

सो रहा आयोग, यह घोर अन्याय - दिलीप कुमार

छात्र नेता दिलीप कुमार ने कहा कि सितंबर 2023 में ही बीएसएससी द्वितीय इंटर स्तरीय परीक्षा का विज्ञापन निकाला गया था। लेकिन अभी तक आयोग ने परीक्षा की तारीख घोषित नहीं की है। दूसरी तरफ, स्नातक स्तरीय पदों के लिए बीएसएससी सीजीएल 4 का विज्ञापन भी आए हुए लगभग 10 महीने बीत चुके हैं, लेकिन उसकी प्रारंभिक परीक्षा की तिथि को लेकर भी आयोग पूरी तरह मौन साधे बैठा है। दिलीप कुमार ने कहा कि विज्ञापन निकालकर दो-दो साल तक परीक्षा आयोजित न करना और तारीखों के लिए छात्रों को तरसाना बिहार के मेधावी और ईमानदार युवाओं के भविष्य के साथ घोर अन्याय और नाइंसाफी है।

संविदा वेटेज धांधली का चोर दरवाजा - दिलीप कुमार

भर्ती नियमों में शामिल किए गए संविदा वेटेज को लेकर दिलीप कुमार ने कहा कि संविदा वेटेज का सीधा और साफ मतलब यह है कि जो रात-दिन मेहनत करने वाले नए और मेधावी छात्र हैं, उन्हें अब नौकरी मिलने से रही। इस नियम के आने के बाद जो लोग पहले से संविदा (कॉन्ट्रैक्ट) पर बहाल हैं, अधिकांश सीटों पर वही आ जाएंगे। तो फिर नई वैकेंसी निकालने का क्या मतलब रह गया? संविदा वेटेज असल में धांधली और बैकडोर सेटिंग करने के लिए खोला गया एक नया चोर दरवाजा है। यह पूरी तरह से ईमानदार छात्रों के साथ अन्याय है और इसे हर हाल में हटाना होगा।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से गुहार

दिलीप कुमार ने बताया कि वे पिछले कुछ समय से दिल्ली में अपना इलाज करवा रहे थे, जहां बिहार के हजारों छात्र-छात्राओं के लगातार फोन और मैसेज आ रहे थे। उन्होंने पहले ही वादा किया था कि वे जुलाई में बिहार लौटते ही छात्रों के हक की लड़ाई शुरू करेंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मांग की है कि वे इस मामले में खुद हस्तक्षेप करें, बीएसएससी के ढर्रे को सुधारें, परीक्षा तिथि घोषित करवाएं और संविदा वेटेज हटवाएं।

Updated on:
29 Jun 2026 01:34 pm
Published on:
29 Jun 2026 01:33 pm