
(पटना/बिहार): केंद्रीय जांच एजेंसी सीबीआई लालू प्रसाद यादव के परिवार पर लगातार नजर बनाए हुए है। इसी क्रम में सीबीआई की टीम ने राबड़ी देवी के सरकारी आवास पर पहुंचकर उनसे पूछताछ की।
आधे घंटे तक की पूछताछ
सीबीआई की टीम मंगलवार को अचानक राबड़ी देवी के सरकारी आवास दस सर्कुलर रोड पहुंची और उनसे आधे घंटे तक पूछताछ की। इस दौरान लालू यादव भी मौजूद रहे। लालू यादव के अधिवक्ता चितरंजन सिन्हा ने बताया कि लालू यादव से जुड़े एक मामले में गवाह के तौर पर राबड़ी देवी से पूछताछ के लिए सीबीआई की टीम उनके आवास पहुंची और कई सवाल किए। लालू और राबड़ी का परिवार एक साथ 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास में ही रहता है। सिन्हा ने बताया कि सीबीआई की टीम में एक महिला समेत चार अधिकारी शामिल थे। लालू यादव की मंगलवार शाम को हार्ट के इलाज के लिए मुंबई रवानगी से पूर्व सीबीआई टीम की अचानक हुई पूछताछ बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
इलाज के लिए आज मुबंई जा सकते है लालू
गौरतलब है कि चारा घोटाले में सजायाफ्ता लालू यादव अभी इलाज के लिए छह सप्ताह की जमानत पर हैं। लालू प्रसाद यादव इस दौरान इलाज के लिए पटना से बाहर जाने वाले है। इससे पूर्व बीते शनिवार को भी लालू प्रसाद यादव की तबीयत खराब हो गई थी जिसके बाद उन्हें पटना के इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (आईजीआइएमएस) में भर्ती करवाया गया था। डॉक्टरों ने पाया कि लालू प्रसाद यादव का शुगर लेवल बढ़ा हुआ था जिसके वजह से उन्हें सास लेने में दिक्कत हो रही थी। यहां पर जांच करने के बाद उन्हें घर भेज दिया गया था। लालू प्रसाद यादव इलाज के लिए आज शाम मुंबई जा सकते है।