पटना

सिपाही भर्ती परीक्षा के दूसरे दिन कोसी एक्सप्रेस से लेकर इंटरसिटी तक पर छात्रों का कब्जा, AC कोच में तोड़फोड़

 सिपाही  भर्ती परीक्षा के दौरान पटना में ट्रेनों में अभ्यर्थियों की भारी भीड़ से रेलवे व्यवस्था प्रभावित हो गई। कई ट्रेनों में क्षमता से अधिक यात्री सवार हुए, जिससे तोड़फोड़, चेन पुलिंग और यात्रियों को परेशानी जैसी घटनाएं सामने आईं।

2 min read
Jun 17, 2026
patna exam trains crowd
सांकेतिक तस्वीर। फोटो -(AI Generated)

सिपाही और मद्य निषेध भर्ती परीक्षा के दूसरे दिन मंगलवार को अभ्यर्थियों ने कई ट्रेनों में भीड़भाड़ कर दी, जिससे अन्य यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। रेलवे ने बुधवार को इस स्थिति से निपटने के लिए 26 स्पेशल ट्रेनें चलाने का दावा किया है, लेकिन मंगलवार रात से ही पटना से गुजरने वाली ट्रेनों में अभ्यर्थियों की भीड़ बढ़ने लगी थी।

हटिया से पूर्णिया कोर्ट जा रही कोसी एक्सप्रेस के एसी कोच में परीक्षार्थियों के घुस जाने से एसी फेल हो गया। इसके बाद बी-4 कोच में सवार कुछ छात्रों ने दो खिड़कियों के शीशे तोड़ दिए, जबकि बाथरूम का शीशा भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। राजेंद्रनगर स्टेशन पर भी एक शीशा जबरन निकालने की घटना सामने आई।

भभुआ इंटरसिटी एक्सप्रेस में भी क्षमता से अधिक छात्र सवार हो गए, जिससे कई स्टेशनों पर रुकने के बावजूद यात्री ट्रेन में चढ़ नहीं पाए। रेलवे सूत्रों के अनुसार, बोगियों के अंदर उमस और भीड़ के कारण कुछ यात्री बेहोश भी हो गए। भीड़ से परेशान यात्रियों ने कई बार चेन पुलिंग कर ट्रेन रोकने का प्रयास किया, जिसके बाद नाराज यात्रियों द्वारा पथराव की घटना भी सामने आई।

अभ्यर्थी हंगामे के बाद पटना में सुरक्षा कड़ी

शनिवार देर रात से रविवार सुबह तक पाटलिपुत्र जंक्शन पर हुए हंगामा और पथराव की घटनाओं को देखते हुए पटना जंक्शन समेत सभी रेलवे स्टेशनों पर बड़ी संख्या में रेलवे पुलिस बल की तैनाती की गई थी। इसके बावजूद अभ्यर्थियों की भारी भीड़ के सामने सुरक्षा व्यवस्था असहाय नजर आई। दानापुर मंडल में अतिरिक्त 150 आरपीएफ जवानों की तैनाती की गई है। पूरे घटनाक्रम पर निगरानी के लिए वरिष्ठ कमांडेंट अधिकारी की देखरेख में दानापुर में एक अलग कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जहां सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है। संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचित किया जा रहा है।

स्पेशल ट्रेनों की लिस्ट

07:17 बजे: पटना से गया के लिए

13:30 बजे: बक्सर से दानापुर

18:00 बजे: बक्सर से पटना

12:30 बजे: किऊल से गया वाया शेखपुरा, नवादा

17:30 बजे: गया से किऊल वाया नवादा, शेखपुरा

08:00 बजे : बख्तियारपुर से राजगीर वाया बिहारशरीफ, नालंदा

13:00 बजे: राजगीर से बख्तियारपुर वाया नालंदा, बिहारशरीफ

15:30 बजे: बख्तियारपुर से राजगीर वाया बिहारशरीफ, नालंदा

18:15 बजे : राजगीर से बख्तियारपुर वाया नालंदा, बिहारशरीफ

13:00 बजे: बेतिया से हाजीपुर वाया मुजफ्फरपुर

18:00 बजे: बेतिया से पाटलिपुत्र वाया मुजफ्फरपुर

13:30 बजे: दौरम मधेपुरा से हाजीपुर

13:00 बजे: मधुबनी से सोनपुर

18:00 बजे : मधुबनी से सीवान

13:00 बजे: मुजफ्फरपुर से पाटलिपुत्र

18:00 बजे: मुजफ्फरपुर से पाटलिपुत्र

13:00 बजे: समस्तीपुर से सीवान

18:00 बजे: समस्तीपुर से हाजीपुर

18:00 बजे: पूर्णिया कोर्ट से पाटलिपुत्र

14:00 बजे: सहरसा से हाजीपुर

13:00 बजे: सुपौल से देवघर

14:00 बजे: औरंगाबाद से गया

18:30 बजे: औरंगाबाद से गया

18:00 बजे: हाजीपुर से छपरा

16:00 बजेः सोनपुर से मुजफ्फरपुर

16:00 बजे: नवगछिया से पाटलिपुत्र

Updated on:
17 Jun 2026 11:08 am
Published on:
17 Jun 2026 10:54 am