
दुलारचंद हत्याकांड: मोकामा विधानसभा सीट से एनडीए के बाहुबली प्रत्याशी और पूर्व विधायक अनंत सिंह पर शुक्रवार दुलारचंद यादव की हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया। अनंत सिंह के लोग इसका विरोध कर रहे थे। उनका कहना था कि अनंत सिंह इस मामले में दोषी नहीं हैं। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों की ओर से इस मामले में लिखित आवेदन दिए गए। पुलिस दोनों तरफ से मिले आवेदन लेकर अपनी जांच शुरू कर दी है। दुलारचंद गुरुवार को जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी पीयूष प्रियदर्शी के समर्थन में प्रचार कर रहे थे। इसी क्रम में उनकी हत्या कर दी गई थी।
दुलारचंद के परिजनों ने अनंत सिंह के दो भतीजों रणवीर और कर्मवीर सिंह समेत पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस को दिए गए आवेदन में दुलारचंद के परिजनों ने अनंत सिंह और उनके लोगों पर आरोप लगाया है कि पहले उन लोगों ने गोली मार कर दुलार चंद यादव की हत्या कर दी और फिर उनपर गाड़ी चढ़ा दिया। पुलिस ने मृतक के पोते के बयान पर केस दर्ज कर लिया है। हालांकि अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
इधर, दुलारचंद यादव के पोते रविरंजन कुमार मोकामा में मीडिया से बात करते हुए कहा कि अनंत सिंह पर कई गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने इस हत्या में सूरजभान सिंह की संलिप्ता से इंकार करते हुए कहा कि इस हत्या में उनका कोई हाथ नहीं है। अनंत सिंह के आरोपों पर रवि रंजन ने कहा कि अनंत सिंह ने अपने सामने कर्मवीर से गोली चलवाकर उनके दादा की हत्या करवाई है। उन्होंने आगे कहा कि अनंत सिंह ने इससे पहले मेरे पिता और चाचा की भी हत्या करवा चुके हैं। आज अनंत सिंह ने उनके दादा की भी हत्या करवा दी।
दुलारचंद के पोते ने कहा कि, सरकार को हमनें 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। बिहार सरकार और प्रशासन अगर मेरे दादा के हत्यारे को नहीं गिरफ्तार करती है तो मजबूरी में हम लोग अपने स्तर से कार्रवाई करेंगे। इधर, जनसुराज के प्रत्याशी ने दुलारचंद यादव के हत्यारे को फांसी की सजा देने की मांग किया है।
मोकामा विधानसभा सीट पर जदयू ने अनंत सिंह को और आरजेडी ने सूरजभान सिंह को अपना प्रत्याशी बनाया है। जबकि जनसुराज ने पीयूष प्रियदर्शी को अपना उम्मीदवार बनाया है। दुलार चंद यादव जनसुराज प्रत्याशी के प्रचार के लिए पहुंचे थे। इसी क्रम में उनकी हत्या कर दी गई। दुलारचंद यादव के परिजन इस हत्या का आरोप अनंत सिंह पर लगा रहे है। जबकि अनंत सिंह ने हत्या का आरोप सूरजभान सिंह पर लगाया है। मोकामा में पहले चरण में ही वोटिंग होनी है। अनंत सिंह और सूरजभान दोनों बाहुबली हैं। और दोनों लंबे समय से राजनीति में हैं। अनंत इस सीट से 5 बार विधायक चुने गए, जबकि सूरजभान सिंह पूर्व सांसद हैं।