पटना

चीखती रही पत्नी, सिलबट्टे से कुचकर पति ने ले ली जान… पटना के इस इलाके में एक हफ्ते में दूसरी हत्या

Bihar News: पटना के शास्त्री नगर थाना क्षेत्र में एक हफ्ते के अंदर हत्या का दूसरा मामला सामने आया है। जहां एक हैवान पति ने घरेलू विवाद में अपनी ही पत्नी की सिलबट्टे से कूचकर बेरहमी से जान ले ली। इससे पहले एक रिटायर्ड शिक्षिका की हत्या भी इसी थाना क्षेत्र में हुई थी। 

2 min read
Jan 21, 2026
Feature image
मृतका के घर के बाहर बैठे लोग (फोटो-पत्रिका)

Bihar News: पटना के शास्त्री नगर थाना इलाके से एक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक हफ्ते के अंदर दो महिलाओं की बेरहमी से हत्या कर दी गई है। ताजा मामला थाना क्षेत्र के मछली गली मोहल्ले का है। जहां बुधवार की सुबह एक घर में एक महिला खून से लथपथ पड़ी मिली। इससे इलाके में दहशत फैल गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत डायल 112 और पुलिस स्टेशन को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को अस्पताल ले गई, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।

मृतक की पहचान प्रीति देवी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह दो महीने की बच्ची की मां थी। शुरुआती जांच में पता चला है कि घरेलू झगड़े के दौरान गुस्से में पति ने उस पर सिलबट्टे से कई बार हमला किया। बार-बार के वार से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और उसकी चीख सुनकर आसपास के लोग जमा हो गए। घर का मंजर देखकर लोग हैरान रह गए।

पति फरार, पुलिस कर रही जांच

घटना के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। पुलिस फिलहाल आरोपी की तलाश कर रही है। सचिवालय डीएसपी-2 साकेत कुमार मौके पर पहुंचे और शास्त्री नगर थाने के साथ मिलकर जांच शुरू की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की जांच जारी है।

पुलिस फिलहाल घरेलू कलह को हत्या का मकसद मान रही है और परिवार, पड़ोसियों और अन्य लोगों के बयान दर्ज कर रही है। फोरेंसिक टीम ने भी घटना की सही परिस्थितियों का पता लगाने के लिए मौके से सैंपल इकट्ठा किए हैं।

एक हफ्ते में दूसरी हत्या, इलाके में दहशत

इस घटना से लोगों में दहशत फैल गई है क्योंकि यह शास्त्री नगर थाना इलाके में एक हफ्ते में दूसरी हत्या है। चार दिन पहले इसी इलाके में एजी कॉलोनी पार्क के पास एक रिटायर्ड महिला टीचर की हत्या कर दी गई थी। उस मामले में, अपराधियों ने घर में घुसकर बुजुर्ग महिला का चाकू से गला काट दिया था। मृतक की पहचान 78 वर्षीय माधवी कुमारी के रूप में हुई थी। वह अकेली रहती थी और उसके शरीर पर कई चाकू के घाव थे।

माधवी कुमारी के पति अमरेंद्र कुमार दास AG ऑफिस में ऑफिसर थे और 2008 में रिटायर हुए थे। उनकी 2023 में मौत हो गई। महिला के तीन बच्चे हैं, एक बेटी और दो बेटे। सबसे बड़ा बेटा उज्ज्वल देहरादून में प्रोफेसर है, जबकि उत्कल कुमार दिल्ली में मल्टीनेशनल बैंक ऑफ अमेरिका में ऑफिसर है। पुलिस हत्या के पीछे प्रॉपर्टी और चोरी के एंगल की भी जांच कर रही है।

इलाके में लोगों की चिंता बढ़ी

दोनों हत्याओं से शास्त्री नगर इलाके में लोगों की चिंता बढ़ गई है। फिलहाल, दोनों मामले पुलिस की जांच के दायरे में हैं, लेकिन जिस तरह से लगातार हत्याएं सामने आ रही हैं, उससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।

Published on:
21 Jan 2026 01:32 pm