पटना

…मैं चेहरा दिखाकर लड़कों को पीछे नहीं घुमाती, मास्क पॉलिटिक्स पर पुष्पम प्रिया चौधरी का करारा जवाब

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले प्लूरल्स पार्टी की पुष्पम प्रिया ने फिर मारी एंट्री।
2 min read
Jul 21, 2025
Feature image
Plurals Party की सुप्रीमो पुष्पम ने कहा कि उनके चेहरे की बजाय उनके विचारों पर फोकस किया जाए। @Pushpam X Page

प्लूरल्स पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष बिहार विधानसभा चुनाव 2025 (Bihar Assembly Elections 2025) से पहले फिर चर्चा में हैं। उन्होंने बिहार की 243 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। साथ ही प्रतिद्वंद्वी राजनीतिक दलों को चुनौती दी है कि वे इस बार 50 फीसदी टिकट महिला प्रत्याशियों को देकर दिखाएं। उन्होंने इस बार दरभंग विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की योजना बनाई है।

एनडीए-महागठबंधन को 50 फीसदी महिला उम्मीदवार उतारने की चुनौती

पुष्पम का कहना है कि महिलाओं की पैरोकारी करने वाले एनडीए ने 2020 के विधानसभा चुनाव में मात्र 37 महिलाओं को टिकट दिया था। उनके विरोधी महागठबंधन ने मात्र 24 महिलाओं को पिछले विधानसभा चुनाव में उतारा था। जबकि प्लूरल्स पार्टी ने 148 में से 42 सीट पर महिला उम्मीदवार उतारे थे। इस बार उन्होंने दोनों गठबंधन को 50 फीसदी उम्मीदवार उतारने की चुनौती दी है।

आखिर लोग मास्क के पीछे क्यों पड़े हैं

मास्क पहन कर राजनीति करने के सवाल पर उनका कहना है कि आखिर मीडिया उनके मास्क के पीछे क्यों पड़ा है। उनके चेहरे की इतनी चर्चा क्यों हो रही है। उन्होंने बताया कि चुनाव में उनकी पार्टी की जो होर्डिंग लग रही है, उनमें भी उनका चेहरा ढंका ही रहता है।

जब से सियासत शुरू की तब से मास्क पहन रही

पुष्पम ने कहा कि जब वह राजनीति करने आई थीं, तब से ही चेहरे पर मास्क लगा कर रखती हैं। उस दौरान ऐसी खबरें चलाई गईं कि चेहरा दिखाकर अपने पीछे लड़कों को घूमा रही हैं। उन्होंने सवाल किया कि पुरुष जो राजनीति कर रहे हैं तो क्या वे चेहरा दिखाकर लड़कों को अपने पीछे नहीं घुमा रहे।

मेरा चेहरा न देखें, विचारों पर गौर करें : पुष्पम

उन्होंने बताया कि यह भी फैलाया जा रहा है कि जिस व्यक्ति ने दुनिया की नंबर वन यूनिवर्सिटी से डिग्री ली, उसे चेहरा दिखाने में काहे की शर्म। पुष्पम ने कहा कि उनके चेहरे की बजाय उनके विचारों पर फोकस किया जाए। हमारे विचारों को कॉपी कर दूसरे दल के नेता बयान दे रहे हैं।

Updated on:
21 Jul 2025 06:00 pm
Published on:
21 Jul 2025 11:36 am