IAS-IPS Net Worth: बिहार सरकार में तैनात शीर्ष रैंक के IAS और IPS अधिकारियों ने अपनी चल और अचल संपत्तियों का विवरण सार्वजनिक कर दिया है। कई अधिकारियों के पास अपनी तुलना में अपनी पत्नियों के नाम पर अधिक संपत्तियां दर्ज है।
IAS-IPS Net Worth:बिहार सरकार के आदेशों का पालन करते हुए, राज्य के IAS और IPS अधिकारियों ने अपनी चल और अचल संपत्तियों का विवरण सार्वजनिक कर दिया है। मंगलवार देर रात जारी की गई इस जानकारी से कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं, जिनमें सबसे खास बात यह है कि बिहार के कई शीर्ष अधिकारियों के पास उनकी पत्नियों की तुलना में कम संपत्ति है। जहां अधिकारियों के पास खुद नकद के रूप में केवल कुछ हजार रुपये हैं, वहीं पत्नियों के नाम पर करोड़ों रुपये के निवेश, शेयर और जेवरात हैं।
बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत के पास सिर्फ 15,400 रुपये नकद है, जबकि उनके बैंक खातों (SBI और HDFC में) में कुल मिलाकर लगभग 5.5 लाख जमा हैं। उनके पास एक काफी पुरानी मारुति एस्टीम कार है। गहनों के मामले में, उनके पास सिर्फ 20 ग्राम सोना है। हालांकि, उनकी पत्नी उनसे काफी ज्यादा अमीर हैं। उनके पास लगभग 970 ग्राम सोना और 3 किलोग्राम चांदी के गहने हैं। इसके अलावा, उनके नाम पर SBI PPF (पब्लिक प्रोविडेंट फंड) खाते में 3.15 करोड़ की एक बड़ी रकम जमा है।
अचल संपत्तियों की बात करें तो, प्रत्यय अमृत के पास मुजफ्फरपुर के थाना काजी इलाके में 1.2 कट्ठा 14 धुर का एक जमीन का टुकड़ा है, जिसकी अनुमानित कीमत 15 लाख रुपये है, इस जमीन में उनके भाई-बहनों का भी हिस्सा है। इसके अलावा, उनके पास गुरुग्राम में 1,500 वर्ग फीट का एक फ्लैट है, जिसकी कीमत 16.79 लाख रुपये बताई गई है।
बिहार के पुलिस महानिदेशक (DGP), विनय कुमार अपने पास कोई नकद नहीं रखते हैं। हालांकि, उनके बैंक में बचत खाते और टर्म डिपॉजिट मिलाकर 32.55 लाख रुपये जमा हैं। उनके पास लगभग 25 लाख रुपये का सोना और 1.15 लाख रुपये की चांदी है। इक्विटी फंड में हर महीने 2,000 निवेश करने के अलावा, वे हर महीने LIC का 10,000 रुपये का प्रीमियम भी भरते हैं।
जहां तक गाड़ियों की बात है, उनके पास एक i10 कार है। उन्होंने नोएडा के आम्रपाली सैफायर कॉम्प्लेक्स में 44 लाख का लोन लेकर एक फ़्लैट खरीदा है। वहीं, डीजीपी की पत्नी के नाम पर बिहटा में 3,020 वर्गफीट की कीमती जमीन रजिस्टर्ड है।
गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव (ACS) अरविंद कुमार चौधरी की जीवनशैली बेहद सादगी भरी दिखती है। उनके पास अपनी कोई निजी कार नहीं है और हाथ में महज 52 हजार रुपये नकद हैं। उनके पास कोई व्यावसायिक जमीन या मकान भी नहीं है। हालांकि, उनकी पत्नी निवेश के मामले में काफी आगे हैं। जहां अरविंद चौधरी के पास मात्र 4.84 लाख का सोना है, वहीं उनकी पत्नी के पास 37.25 लाख रुपये का सोना और 6.21 लाख रुपये की हीरे की ज्वेलरी है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के तीनों प्रमुख सचिवों की तुलना में उनके ओएसडी (OSD) डॉ. गोपाल सिंह कहीं अधिक संपन्न नजर आते हैं। डॉ. गोपाल सिंह के पास कुल 5.89 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति है, जिसमें उनकी पैतृक और संयुक्त संपत्तियां भी शामिल हैं। उनके पोर्टफोलियो में 3.83 करोड़ रुपये की चल और 2.06 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति दर्ज है।
इसके विपरीत, मुख्यमंत्री के सचिवों में कुमार रवि की कुल संपत्ति 2.91 करोड़ रुपये है, जिसमें उनके पास 8.38 एकड़ कृषि और आवासीय भूमि है। वहीं, सचिव अनुपम कुमार की कुल संपत्ति लगभग 2.89 करोड़ रुपये आंकी गई है, जिसमें उनकी पत्नी (जो स्वयं एक आईएएस अधिकारी हैं) के नाम पर बेंगलुरु में दो फ्लैट शामिल हैं। दिलचस्प बात यह है कि अनुपम कुमार के पास नकद के रूप में मात्र 5,000 रुपये ही हैं। तीसरे सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह की कुल संपत्ति 2.22 करोड़ रुपये है, जिसमें उनके पास 1375 ग्राम सोना होने की जानकारी दी गई है, जो उन्हें रिश्तेदारों से उपहार स्वरूप प्राप्त हुआ है।
संपत्ति के विवरण में कुछ अधिकारियों के शौक भी सामने आए हैं। सहकारिता विभाग के सचिव धर्मेंद्र सिंह के पास अचल संपत्ति के रूप में कैमूर में 15 एकड़ जमीन है। उन्होंने अपनी संपत्ति में दो गाय और दो बछड़ा होने की जानकारी दी है। उनके पास 20 हजार नकद हैं, जबकि उनकी पत्नी के नाम पर 83.5 लाख रुपये जमा हैं।
कई अधिकारियों ने बिहार के बाहर फ्लैट ले रखें हैं। जिसमें मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार का मुख्य निवेश बेंगलुरु में है, जहां उनकी पत्नी के नाम पर दो आलीशान फ्लैट्स दर्ज हैं। वहीं, सचिव अभय कुमार सिंह ने देश की राजधानी के वीवीआईपी इलाके दिल्ली के बसंतकुंज में अपना आशियाना बनाया है।
दिल्ली से सटे एनसीआर में कई अफसर के निवेश हैं। डीजीपी विनय कुमार का नोएडा के आम्रपाली सैफायर में फ्लैट है, जबकि डीजी कुंदन कृष्णन ने गुरुग्राम के प्रीमियम सेगमेंट में 3-BHK फ्लैट में निवेश किया है। इसके अलावा, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत का भी गुरुग्राम में अपना फ्लैट है और राजस्व सचिव सीके अनिल ने दक्षिण भारत के हैदराबाद में प्रॉपर्टी खरीदी है।