
(पटना): अररिया लोकसभा क्षेत्र के जोकीहाट विधानसभा उपचुनाव में सत्तारूढ़ जदयू को बागी उम्मीदवार का सामना करना पड़ रहा है। जदयू के मंजर आलम ने नामांकन के आखिरी दिन 12मई को निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में पर्चा दाखिल कर दिया। यह सीट सरफराज आलम के लोकसभा उपचुनाव जीत जाने से खाली हुई थी।
टिकट नहीं मिलने से नाराज है मंजर आलम
जदयू की आंतरिक कलह जोकीहाट विधानसभा उपचुानव में सामने आ गई। बिहार सरकार में पूर्व मंत्री रहे मंजर आलम ने उपचुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर नामांकन भरा है। बताया जा रहा है कि पार्टी की ओर से इस सीट पर टिकट नहीं मिलने से नाराज होने पर मंजर आलम ने यह कदम उठाया है। गौरतलब है कि जोकीहाट विधानसभा सीट पर इस महीने की 28 तारीख को उपचुनाव है।
जदयू और आरजेडी ने इन्हें बनाया अपना उम्मीदवार
आरजेडी व जदयू के उम्मीदवारों ने इस उपचुनाव के लिए बुधवार को ही नामंकन भर दिया था। आरजेडी ने यहां तसलीमुद्दीन के बेटे और सरफराज आलम के छोटे भाई शाहनवाज आलम को उम्मीदवार बनाया है। जदयू ने मुर्शीद आलम को उम्मीदवार बनाया है। निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर नामांकन भरने वाले मंजर आलम एक प्रभावी नेता है जनता में जिनकी छवि काम को प्राथमिकता देने वाले नेता के रूप में है। ऐसे में मंजर आलम और जदयू उम्मीदवार मुर्शीद आलम के बीच वोटों के विभाजन से आरजेडी को फायदा हो सकता है।
सरफराज आलम जिनके जाने से खाली हुई जोकीहाट विधानसभा सीट
सरफराज आलम जोकीहाट विधानसभा सीट से विधायक थे। अररिया लोकसभा उपचुनाव से पहले सरफराज आलम जदयू से किनारा कर आरजेडी में शामिल हो गए और आरजेडी की तरफ से अररिया लोकसभा उपचुनाव लड़ा। अररिया संसदीय क्षेत्र में लोकसभा उपचुनाव में आरजेडी के सरफराज आलम को जबर्दस्त बढ़त मिली थी। उनके लोकसभा सदस्य बनने के बाद जोकीहाट विधानसभा सीट खाली हो गई।