पटना

लुंगी-बनीयान में ही अस्पताल पहुंचे डॉक्टर साहब! विधायक जी ने जमकर लगाई क्लास, वीडियो वायरल

Kaimur Hospital Viral Video: बिहार के कैमूर में जब विधायक अस्पताल पहुंचे तो दंग रह गए। वहां प्रभारी डॉक्टर मुजूद नहीं थे और जब वो आए भी तो लुंगी-बनियान में आए। बस fईर विधायक जी का गुस्सा फुट पड़ा और उन्हें डॉक्टर की क्लास लगा दी। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। 
2 min read
May 15, 2026
kaimur hospital viral video
अस्पताल पहुंचे डॉक्टर (फोटो- स्क्रीन ग्रैब)

Kaimur Hospital Viral Video: बिहार के कैमूर जिले स्थित रामगढ़ रेफरल अस्पताल में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब रामगढ़ विधायक सतीश यादव उर्फ पिंटू यादव औचक निरीक्षण के लिए पहुंचे। विधायक को अस्पताल में मरीजों की सेवा की उम्मीद थी, लेकिन वहां का नजारा देख उनका पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया। इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर साहब सफेद कोट और स्टेथोस्कोप के बजाय लुंगी और गंजी (बनीयान) पहनकर आराम फरमा रहे थे।

हादसे के घायलों के लिए अस्पताल पहुंचे थे विधायक

दरअसल, गुरुवार की रात रामगढ़ में एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई थी, जिसमें पांच से सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। जैसे ही विध्यक सतीश कुमार को इस बात की जानकारी मिली, तो जनप्रतिनिधि होने के नाते वो भी तुरंत अस्पताल पहुंचे। जब वे अस्पताल के अंदर दाखिल हुए तो प्रभारी डॉक्टर वहां मौजूद नहीं थे। उन्होंने फोन करके डॉक्टर को बुलाया, तो प्रभारी डॉक्टर सुरेंद्र सिंह से सीधे लुंगी-बनीयान में ही वार्ड में चले आए। एक डॉक्टर को इस वेशभूषा में देखकर विधायक भड़क उठे।

अस्पताल को चारागाह बना दिया है क्या?

विधायक सतीश यादव ने मौके पर ही डॉक्टर की क्लास लगा दी। उन्होंने चिल्लाते हुए कहा, 'शर्म नहीं आती आपको? यह आपका ड्रेस कोड है? अस्पताल में महिला नर्स और स्टाफ मौजूद हैं और आप इस तरह घूम रहे हैं। आपने इस अस्पताल को चारागाह बना दिया है।' विधायक ने मौके पर ही मौजूद लोगों के सामने डॉक्टर से पूछा कि क्या वे मरीजों का इलाज करने आए हैं या किसी जानवर का? उन्होंने साफ कहा कि एक डॉक्टर की ऐसी वेशभूषा मरीजों के विश्वास को तोड़ती है।

विधायक ने सिविल सर्जन को किया फोन

विधायक सतीश यादव का गुस्सा यहीं शांत नहीं हुआ। उन्होंने तुरंत अपने मोबाइल से कैमूर के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CS) को फोन लगाया। विधायक ने फोन पर कहा, 'प्रभारी डॉक्टर सुरेंद्र सिंह इमरजेंसी ड्यूटी में लुंगी और गंजी पहनकर घूम रहे हैं। मैं आपको फोटो और वीडियो भेज रहा हूं, इन्हें अविलंब सस्पेंड करिए। अगर ऐसे लापरवाह डॉक्टरों को नहीं हटाया गया, तो रामगढ़ का यह रेफरल अस्पताल पूरी तरह बर्बाद हो जाएगा।'

वायरल हुआ वीडियो

यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल गया है। जनता इस पर तीखी प्रतिक्रिया दे रही है। सोशल मीडिया पर लोगों का कहना है कि जिस अस्पताल में डॉक्टर का यह हाल है, तो मरीजों का क्या हाल होता होगा। कुछ लोग वीडियो शेयर कर विधायक सतीश यादव की भी खूब तारीफ कर रहे हैं। लोग कह रहें है कि विधायक ने अच्छा किया डॉक्टर को उसकी ड्यूटी सिखाई। तो कुछ लोगों ने कहा कि एक अकेला बसपा का विधायक ही पूरे विपक्ष पर भारी है।