पटना

निशांत कुमार होंगे बिहार के नए CM? मंत्री जमा खान बोले- हम लोग तो चाह रहे हैं, लेकिन फैसला नेता को करना है

CM आवास से निकलने के बाद मंत्री जमा खान ने कहा कि पूरी प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और नीतीश कुमार जो भी फैसला लेंगे, वही माना जाएगा। उन्होंने बताया कि कल कैबिनेट की बैठक होनी है और संभवतः उसके अगले दिन शपथ ग्रहण समारोह होगा।
2 min read
Apr 13, 2026
bihar politics, bihar news, जमा खान
मंत्री जमा खान (फोटो - X (twitter) @BhaiZamakhan )

Bihar Politics:बिहार को जल्द ही एक नया मुख्यमंत्री मिलने वाला है, लेकिन वो कौन होगा ये अब तक स्पष्ट नहीं है। फिर भी नई सरकार का स्वरूप लगभग फाइनल हो चुका है। सोमवार को पहले सीएम आवास और उसके बाद पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा के आवास पर जदयू के वरिष्ठ नेताओं ने बैठक की। इन लगातार बैठकों के बाद बिहार सरकार के मंत्री जमा खान ने मीडिया से बात करते हुए कई खुलासे किए। जमा खान ने स्पष्ट किया कि नई सरकार के गठन से जुड़ी लगभग सभी प्रक्रिया हो चुकी है। उन्होंने कहा कि कल-परसों में सबकुछ सम्पन्न हो जाएगा।

निशांत कुमार को चाह रहें हम - जमा खान

इस पूरे राजनीतिक उथल-पुथल के बीच जब जमा खान से नेतृत्व में बदलाव और नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार की संभावित भूमिका के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा, 'एक पार्टी के तौर पर हम लोग निशांत बाबू को चाह रहे हैं, लेकिन हमारी पार्टी एक अनुशासित पार्टी है। हमारे नेता (नीतीश कुमार) जो निर्णय ले लेंगे, उसी पर हम सब लोग चलेंगे। जो भी फैसला होगा, वह बिहार के हित में होगा।'

जमा खान ने आगे कहा कि पूरा बिहार चाहता था कि हमारे नेता नीतीश कुमार जी यहीं रहें, लेकिन उनकी अपनी निजी इच्छा अब दिल्ली (राज्यसभा) जाने की है। उन्होंने आश्वासन दिया कि नीतीश कुमार शारीरिक रूप से कहीं भी हों, बिहार का शासन और विकास उनके मार्गदर्शन और निर्देशों के तहत सुरक्षित रहेगा।

कल कैबिनेट की आखिरी बैठक, 15 को नई सरकार

सत्ता हस्तांतरण की समय-सीमा बताते हुए मंत्री जमा खान ने कहा कि नीतीश मंत्रिमंडल की अंतिम बैठक कल (14 अप्रैल) सुबह 11:00 बजे निर्धारित है। नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह संभवतः परसों (15 अप्रैल) होगा। उन्होंने आगे बताया कि दिल्ली से लेकर पटना तक वरिष्ठ नेता लगातार संपर्क में हैं और नई कैबिनेट का स्वरूप NDA गठबंधन के वरिष्ठ नेतृत्व द्वारा लिए गए निर्णयों के अनुसार ही तय किया जाएगा।

सीएम आवास पर हलचल तेज

गौरतलब है कि आज सुबह से ही मुख्यमंत्री के सरकारी आवास पर हलचल काफी तेज हो गई है। दिल्ली से पटना लौटने के तुरंत बाद ही ललन सिंह के साथ बैठकों और विचार-विमर्श का दौर शुरू हो गया। सूत्रों के अनुसार, कैबिनेट में चेहरों में बदलाव और विभागों के बंटवारे को लेकर भाजपा और जदयू के बीच सहमति बन गई है। इस बीच, पटना के जिलाधिकारी (DM) ने भी शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों का जायजा लेने के लिए लोकभवन का दौरा किया है।

Updated on:
13 Apr 2026 01:36 pm
Published on:
13 Apr 2026 01:35 pm