13 अप्रैल 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

‘जो CM तय करेंगे, मंत्री वही करेंगे’, नीतीश कैबिनेट की आखिरी बैठक से पहले बोले दिलीप जायसवाल

14 अप्रैल को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में होने वाली कैबिनेट की बैठक को लेकर बिहार के उद्योग मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि बैठक के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा लिए गए निर्णयों का सभी मंत्री पालन करेंगे।

2 min read
Google source verification

पटना

image

Anand Shekhar

Apr 13, 2026

CM नीतीश कुमार (ANI)

Bihar Politics: बिहार में सत्ता परिवर्तन की उलटी गिनती शुरू हो गई है। माना जा रहा कि कल 14 अप्रैल को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं। ठीक इससे पहले कल सुबह 11 बजे नीतीश कैबिनेट की बैठक बुलाई गई है। इसे मौजूदा सरकार की कैबिनेट का आखिरी बैठक माना जा रहा है, जिसके बाद सत्ता हस्तांतरण की प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है। इस बीच बिहार सरकार के मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा है कि कैबिनेट बैठक के दौरान मुख्यमंत्री जो भी फैसले लेंगे, सभी MLA उनका पालन करेंगे।

कैबिनेट की आखिरी बैठक कल

मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि कल कैबिनेट की बैठक होगी, इसकी सूचना मिली है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में यह बैठक होगी और इस बैठक में मुख्यमंत्री जो फैसला लेंगे सभी मंत्री उसका पालन करेंगे। इस बयान के बाद माना जा रहा है कि नई सरकार के गठन और नेतृत्व परिवर्तन के फॉर्मूले को लेकर NDA के भीतर पूरी सहमति बन गई है। कल सुबह 11 बजे सचिवालय में होने वाली इस बैठक में नीतीश कुमार अपने मंत्रियों का आभार व्यक्त करेंगे। माना जा रहा है कि कैबिनेट एकजुट होकर नीतीश कुमार को उनके लंबे कार्यकाल के लिए बधाई संदेश भी देगी।

14 अप्रैल को पटना में पूरे दिन रहेगी हलचल

कल का दिन पटना की सड़कों से लेकर राजभवन के गलियारों तक हलचल भरा रहेगा। सबसे पहले सुबह 11 बजे नीतीश कुमार की अध्यक्षता में कैबिनेट की आखिरी बैठक होगी। फिर दोपहर 12:30 बजे नीतीश कुमार डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। इसके बाद, मुख्यमंत्री के राजभवन जाने की उम्मीद है, जहां वे राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप सकते हैं।

कैबिनेट बैठक के बाद, भाजपा के अलावा जदयू, लोजपा (राम विलास), हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा और RLराष्ट्रीय लोक मोर्चा के विधायक दल की अलग-अलग बैठकें होंगी। इसके तुरंत बाद, NDA विविधायक दल की एक बैठक बुलाई जाएगी। इस बैठक में एक नए नेता का चयन किया जाएगा, जो बिहार के अगले मुख्यमंत्री बनेंगे।

14-15 अप्रैल को पटना में रहेंगे शिवराज सिंह चौहान

भाजपा ने मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। जिनकी मौजूदगी में ही विधायक दल का अंतिम फैसला लिया जाएगा। शिवराज सिंह चौहान दो दिल के लिए बिहार आ रहे हैं, वो 14 अप्रैल को पटना पहुंचेंगे। उनके आगमन पर टिप्पणी करते हुए दिलीप जायसवाल ने कहा कि शिवराज जी एक वरिष्ठ नेता हैं और विधायक दल के नेता के चुनाव की प्रक्रिया उनके मार्गदर्शन में पूरी की जाएगी। शिवराज सिंह चौहान ने भी अपनी नियुक्ति के संबंध में कहा है कि वे एक समर्पित पार्टी कार्यकर्ता के रूप में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे।

सीएम आवास पर फाइनल हो रही रणनीति

1-अणे मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास पर आज भी सुबह से बैठकों का सिलसिला जारी रहा है। केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा और वरिष्ठ मंत्री विजय चौधरी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ विचार-विमर्श में जुटे हैं। सूत्रों के अनुसार, नई सरकार के गठन, मंत्रालयों के बंटवारे और भविष्य की रणनीतियों से संबंधित रूपरेखा को पूरी तरह से अंतिम रूप दे दिया गया है।