Epstein File: पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने बिहार के नेताओं के चरित्र पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने एपस्टीन फाइल का जिक्र करते हुए कुछ प्रभावशाली नेताओं पर अनैतिक गतिविधियों में शामिल होने का आरोप लगाया है।
Epstein Files: बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने एपस्टीन फाइल का जिक्र करते हुए सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया है। इस पोस्ट में उन्होंने बिहार के प्रभावशाली नेताओं के आचरण और चरित्र पर गंभीर सवाल उठाए गए हैं। चेतावनी भरे लहजे में पप्पू यादव ने कहा कि बिहार के कई प्रमुख लोगों के लिए भी एक 'एपस्टीन फाइल' तैयार है और जब सच्चाई सामने आएगी तो कई बड़े नाम बेनकाब होंगे।
पप्पू यादव ने अपनी पोस्ट में लिखा, "बिहार में भी एपस्टीन फाइल घूम रही है ज्यादा फड़फड़ाइए मत! तरणताल में जलक्रीडा करने वालों से लेकर आसाराम जैसे शौक वाले नेताओं का पूरा कच्चा चिट्ठा है! एक अखबार ने हॉस्टल से लड़की सप्लाई का स्टिंग किया तो तब सांप सूंघ गया था क्या?"
सांसद ने सीधे तौर पर उन नेताओं को निशाना बनाया जो लग्जरी रिसॉर्ट और स्विमिंग पूल (तरणताल) में संदिग्ध गतिविधियों में शामिल हैं। उन्होंने व्यंग्य करते हुए लिखा कि तरणताल में 'जलक्रीड़ा' करने वालों से लेकर 'आसाराम' जैसे शौक रखने वाले नेताओं का पूरा कच्चा चिट्ठा उनके पास मौजूद है। पप्पू यादव का इशारा उन शक्तिशाली लोगों की ओर है जो जनता के सामने साफ-सुथरी छवि बनाए रखते हैं, लेकिन निजी पार्टियों और बंद कमरों में उनका आचरण शालीनता के विपरीत होता है।
पप्पू यादव की पोस्ट, जिसमें हॉस्टल से लड़कियों की सप्लाई पर स्टिंग ऑपरेशन का जिक्र है, उसे पटना के शंभू गर्ल्स हॉस्टल में NEET परीक्षा की तैयारी कर रही छात्रा की संदिग्ध मौत से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने पहले आरोप लगाया था कि प्रभावशाली लोगों के बेटे अक्सर हॉस्टल आते थे और वहां लड़कियों की सप्लाई का अवैध धंधा फल-फूल रहा था।
जैसे ही पप्पू यादव की पोस्ट सामने आई, सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। एक यूजर ने लिखा, "बस इसे सामने लाओ, ताकि राज्य के लोगों को भी सच्चाई पता चले।" एक अन्य ने कमेंट किया, "सबकी फाइल खुलेगी, चिंता मत करो।" कई लोगों ने सीधे तौर पर सवाल किया कि अगर फाइल मौजूद है तो उसे सार्वजनिक क्यों नहीं किया जा रहा है।
इस बीच, कुछ यूजर्स ने व्यंग्य करते हुए पलटवार किया और कहा कि पप्पू यादव की फाइल तो उनके राजनीतिक विरोधियों ने पहले ही लीक कर दी है। इसके अलावा, कई प्रतिक्रियाओं में इस मुद्दे को बेहद गंभीर बताया गया और स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच की मांग की गई।
यह मामला अमेरिकी बिजनेसमैन जेफरी एपस्टीन के 'सेक्स ट्रैफिकिंग' रैकेट से जुड़ा हुआ है। इन फाइलों में हजारों पन्नों के ईमेल, रिकॉर्डिंग और फ्लाइट लॉग शामिल हैं। इनसे पता चलता है कि कौन से जाने-माने दुनिया के नेता और सेलिब्रिटी एपस्टीन के संपर्क में थे। इन फाइलों में अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन और डोनाल्ड ट्रंप जैसे बड़े नामों का भी जिक्र है। अमेरिका में ट्रांसपेरेंसी एक्ट पास होने के बाद, दिसंबर 2025 और जनवरी 2026 में 30 लाख से ज्यादा दस्तावेज सार्वजनिक किए गए। इन खुलासों ने दुनिया भर के ताकतवर लोगों को हिला दिया है।