Viral Video: बिहार के दानापुर में एक एसबीआई एटीएम बूथ अब हेयर कटिंग सैलून बन चुका है। सोशल मीडिया पर अब यह 'ATM सैलून' चर्चा का विषय बना हुआ है। लोग इसे बिहार के अनोखे जुगाड़ का हिस्सा बता रहे हैं।
Viral Video: अगर आप कैश निकालने के लिए किसी एटीएम (ATM) बूथ में घुसें और वहां आपको नोट निकालने वाली मशीन के बजाय कैंची और उस्तरा मिले, तो चौंकना लाजिमी है। ऐसा ही कुछ नजारा बिहार की राजधानी पटना के दानापुर इलाके में देखने को मिल रहा है, जहां एक पुराना एटीएम बूथ अब पूरी तरह से सैलून में बदल चुका है। सोशल मीडिया पर इस अनोखे 'ATM सैलून' का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
बाहर से कांच का दरवाजा और केबिन देखकर आपको लगेगा कि यह कोई आम एटीएम है, लेकिन हकीकत कुछ और ही है। दानापुर के इस इलाके में लोग जब SBI ATM का बोर्ड देखकर पैसे निकालने के लिए अंदर कदम रखते हैं, तो वे हैरान रह जाते हैं। वहां कैश निकालने वाली मशीन नहीं, बल्कि नाई की कुर्सी, बड़ा सा शीशा, हेयर स्प्रे और उस्तरा नजर आता है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, यहां काफी समय पहले तक बैंक का एटीएम सफलतापूर्वक चलता था। बाद में बैंक ने अपनी मशीन वहां से हटा ली, लेकिन केबिन और बोर्ड को वैसे ही छोड़ दिया गया। खाली पड़ी इस जगह को मकान मालिक ने किराये पर दे दिया। किरायेदार ने भी बिना वक्त गंवाए वहां अपना हेयर कटिंग सैलून खोल लिया। मजेदार बात यह है कि उसने बैंक का बोर्ड भी नहीं हटाया, जो अब उसके बिजनेस के लिए फ्री पब्लिसिटी का काम कर रहा है।
इलाके के दुकानदार बताते हैं कि आज भी कई लोग जेब से कार्ड निकाले इस केबिन की तरफ बढ़ते हैं। जैसे ही वे गेट खोलते हैं, अंदर नाई को ग्राहक के बाल काटते देख उनके होश उड़ जाते हैं। कई लोग इस जुगाड़ को देखकर अपनी हंसी नहीं रोक पाते। अब तो स्थिति यह है कि स्थानीय युवाओं ने इसका नाम ही 'हेयर कटिंग एटीएम' रख दिया है।
इंटरनेट पर इस दुकान की तस्वीरें और वीडियो खूब शेयर किए जा रहे हैं। कोई इसे बिहारी जुगाड़ का बेहतरीन नमूना बता रहा है, तो कोई इसका वीडियो शेयर कर कह रहा है कि बिहार इज नॉट फॉर बिगिनर्स। भले ही यहां से पैसे न निकलते हों, लेकिन इस अनोखे सेटअप की वजह से दुकानदार की चांदी हो रही है।