पटना

Bihar Weather: पटना में बारिश ने खोली सिस्टम की पोल, बांकीपुर उपचुनाव से पहले विपक्ष को मिला बड़ा चुनावी हथियार

Bihar Weather पटना में शनिवार सुबह से हो रही झमाझम बारिश के कारण राजधानी के कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति बन गई है। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में यह अब एक बड़ा चुनावी मुद्दा बनता जा रहा है। आरजेडी ने जलजमाव को लेकर सरकार के विकास के दावों पर सवाल खड़े किए हैं। वहीं, प्रशांत किशोर की जन सुराज टीम ने जलजमाव प्रभावित इलाकों से वीडियो और तस्वीरें जुटाकर इसे चुनावी मुद्दा बनाने की तैयारी शुरू कर दी है।
2 min read
Jul 11, 2026
Bihar Weather
पटना में शुरू हुई झमाझम बारिश। फोटो-पत्रिका

Bihar Weather:पटना में शनिवार सुबह से ही झमाझम बारिश हो रही है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज पटना समेत राज्य के 26 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश और 40 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

पटना में हो रही इस बारिश के बीच बिहार की सियासत भी गरमा गई है। माना जा रहा है कि जलजमाव और शहरी व्यवस्थाओं का मुद्दा बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में विपक्ष के लिए बड़ा चुनावी हथियार बन सकता है। आरजेडी के प्रवक्ता चितरंजन गगन ने कहा, "हमें इस बारिश का लंबे समय से इंतजार था। अब बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र की जनता के सामने विकास के दावों की असल तस्वीर आ जाएगी।"

जलजमाव पर पीके का वार

इधर, प्रशांत किशोर की टीम ने पटना में हो रही बारिश और जलजमाव को चुनावी मुद्दा बनाने की तैयारी तेज कर दी है। सूत्रों के अनुसार, जन सुराज के कार्यकर्ताओं को शहर के विभिन्न जलजमाव प्रभावित इलाकों में तैनात किया गया है। टीम इन क्षेत्रों में जनजीवन पर पड़े असर के वीडियो और तस्वीरें जुटाकर सोशल मीडिया पर साझा कर रही है। पटना नगर निगम से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, राजधानी के 150 से अधिक मोहल्लों और कॉलोनियों में जलजमाव की स्थिति बनी हुई है।

बारिश में खुली ड्रेनेज की पोल

शहर में जलजमाव के लिए स्थानीय लोग खराब ड्रेनेज व्यवस्था को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। उनका कहना है कि नालों और नालियों की समय पर और समुचित सफाई नहीं होने के कारण बारिश का पानी तेजी से निकासी नहीं कर पा रहा है। यही वजह है कि कुछ घंटों की बारिश के बाद ही पटना के कई हिस्सों में जलजमाव की स्थिति बन गई। इसके अलावा, कई इलाकों में सड़कों की चल रही खुदाई और निर्माण कार्य ने भी समस्या को और गंभीर बना दिया है।

पटना में कैसा रहेगा आज मौसम

मौसम विभाग के अनुसार, पटना में शनिवार को दिनभर रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है। शहर के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके साथ ही मेघगर्जन और 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अनुमान जताया गया है।

Updated on:
11 Jul 2026 11:33 am
Published on:
11 Jul 2026 09:14 am