
Patna Metro: पटना मेट्रो आज से ISBT से मलाहीपकड़ी तक दौड़ेगी। अब तक मेट्रो सेवा केवल ISBT से भूतनाथ तक संचालित हो रही थी, लेकिन शुक्रवार से इसका विस्तार मलाहीपकड़ी तक कर दिया जाएगा। ISBT से मलाहीपकड़ी तक करीब 6.2 किलोमीटर की दूरी मेट्रो महज 15 मिनट में तय करेगी। इस विस्तार से पटना के लाखों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। खासकर कंकड़बाग और आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए ISBT तक पहुंचना पहले की तुलना में अधिक आसान हो जाएगा।
ISBT से मलाहीपकड़ी तक का किराया 30 रुपये निर्धारित किया गया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज सुबह 11:45 बजे मलाहीपकड़ी तक विस्तारित मेट्रो सेवा का उद्घाटन करेंगे। उद्घाटन समारोह को देखते हुए आज सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मेट्रो सेवा बंद रहेगी। इसके बाद शुक्रवार से मेट्रो अपने निर्धारित समय के अनुसार नियमित रूप से संचालित होगी।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी गुरुवार को भूतनाथ से मलाहीपकड़ी तक पटना मेट्रो सेवा के विस्तारित कॉरिडोर का उद्घाटन करेंगे। इसे लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उद्घाटन के बाद ISBT से मलाहीपकड़ी तक करीब छह किलोमीटर लंबे रूट पर मेट्रो का परिचालन शुरू हो जाएगा। पहले चरण में मेट्रो सेवा बैरियाचक से पाटलिपुत्र बस स्टैंड, जीरो माइल होते हुए भूतनाथ तक शुरू की गई थी। अब दूसरी बार इसका विस्तार किया जा रहा है।
मलाहीपकड़ी स्टेशन के बाद मेट्रो भूमिगत हो जाएगी और पीएमसीएच, गांधी मैदान, डाकबंगला होते हुए पटना जंक्शन तक पहुंचेगी। इस भूमिगत कॉरिडोर पर छह स्टेशनों का निर्माण किया जा रहा है। इनमें राजेंद्र नगर, मोइन-उल-हक स्टेडियम, पटना साइंस कॉलेज, पीएमसीएच, गांधी मैदान और आकाशवाणी मेट्रो स्टेशन शामिल हैं।
मेट्रो अपने अगले चरण में मीठापुर, चंद्रगुप्त प्रबंधन संस्थान, करबिगहिया होते हुए पटना जंक्शन तक पहुंचेगी। विभाग की योजना शीघ्र ही खेमनीचक स्टेशन से भी मेट्रो सेवा शुरू करने की है।
नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी दो जुलाई को भूतनाथ से मलाहीपकड़ी तक मेट्रो सेवा के विस्तारित रूट का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद पटनावासियों को ISBT से मलाहीपकड़ी तक करीब छह किलोमीटर की दूरी के लिए मेट्रो सेवा उपलब्ध हो जाएगी। उन्होंने कहा कि राजधानी के लोगों को बेहतर और आधुनिक यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार तेजी से कार्य कर रही है।