पटना में नीट छात्रा की संदिग्ध मौत के बाद पीड़िता के परिजनों को मिल रही धमकी को पुलिस मुख्यालय ने गंभीरता से लिया है और पीड़िता के घरपर सुरक्षा बढ़ाने का निर्देश दिया है।
पटना में नीट छात्रा की संदिग्ध मौत की जांच सीबीआई के शुरू करते ही पीड़िता के परिजनों को धमकी मिलनी शुरू हो गई है। पिछले चार दिनों में दो बार पीड़िता के घर पर धमकी भरे पर्चे फेंके गए। पुलिस मुख्यालय ने इसको गंभीरता से लेते हुए जहानाबाद प्रशासन को पीड़िता के घर सुरक्षा बढ़ाने का निर्देश दिया है। फिलहाल पीड़िता के घर पर होम गार्ड के दो जवान तैनात हैं।
पटना के शंभू गर्ल्स हॉस्टल में रहकर NEET परीक्षा की तैयारी कर रही छात्रा के रेप और मौत के बाद अब परिजनों को भी जान से मारने की धमकी मिल रही है। मंगलवार को मृत छात्रा के परिजनों को एक धमकी भरा पर्चा मिला, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। धमकी भरा पर्चा में बड़े-बड़े अक्षरों में लिखा था, “न मानोगे, बेटी गई, बेटा भी मरेगा दो दिन में।” धमकी भरा यह नोट किसी अनजान व्यक्ति के द्वारा पीड़िता के खिड़की से घर में फेंका गया था। इस मैसेज के बाद पीड़ित परिवार ने इसकी तत्काल जानकारी पुलिस और CBI अधिकारियों को दी है। इससे पहले शनिवार को भी इस प्रकार का एक धमकी भरा पत्र परिजनों को मिला था। जिसमें लिखा था, “ज्यादा तेज बनोगे तो उठा लिए जाओगे, मार दिए जाओगे।”।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि पुलिस मुख्यालय ने बार बार धमकी भरे पर्चे मिलने को गंभीरता से लिया है। पीड़िता के घर पर सुरक्षा बढ़ाने का निर्देश दिया गया है। सूत्रों का कहना है कि पुलिस मुख्यालय ने जहानाबाद प्रशासन को पीड़िता के घर की सुरक्षा पर बढ़ाने का निर्देश दिया है। फिलहाल पीड़िता के घर पर होमगार्ड के दो जवान तैनात हैं।
परिवार का कहना है कि उनकी सुरक्षा के लिए अभी एक चौकीदार और दो कांस्टेबल तैनात हैं। हालांकि, लगातार मिल रही धमकियों की वजह से वे सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं। छात्रा के पिता का आरोप है कि प्रशासन ने कोई और सुरक्षा नहीं दी है, जबकि मामला बहुत सेंसिटिव है। पटना SSP कार्तिकेय शर्मा ने कहा कि जहानाबाद जिला पुलिस से बातचीत चल रही है और परिवार को सुरक्षा दी जाएगी ताकि उन्हें कोई खतरा न हो।