पटना में नीट छात्रा की मौत मामले को लेकर पूर्व सीएम राबड़ी देवी ने नीतीश सरकार पर बड़ा आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार इस मामले को लेकर लीपापोती में जुटी है।
पटना के एक छात्रावास में रहकर नीट परीक्षा की तैयारी कर रही छात्रा की मौत मामले पर गुरूवार को विधान परिषद में राबड़ी देवी ने पूरे मामले में लीपापोती का आरोप लगाया। विधान परिषद में नेता विरोधी दल राबड़ी देवी ने सदन के बाहर पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि सरकार के कोई मंत्री या उनका बेटा इसमें शामिल है। उसको बचाने के लिए पूरे मामले का लीपापोती किया जा रहा है।
जहानाबाद जिले की रहने वाली छात्रा पटना के शंभू छात्रावास में रहकर नीट की तैयारी करने वाली छात्रा के साथ कथित दरिंदगी और हत्या मामले की जांच का जिम्मा सीबीआई को दे दिया है। सरकार के निर्देश पर पहले इस मामले को पटना पुलिस से लेकर एसआईटी को दिया गया था। लेकिन, एसआईटी पर पूरे मामले को रफा दफा करने के आरोप लगने पर सरकार ने पूरे मामले की जांच का जिम्मा सीबीआई को दे दिया है। इस मामले पर पिछले तीन दिनों से विधानसभा और विधान परिषद में हंगामा चल रहा है।
घटना के बाद चुपचाप शांत बैठी विपक्ष बिहार विधानमंडल के बजट सत्र में इस मामले पर लगातार सरकार को घेरने का काम कर रही है। पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने गुरुवार को पत्रकारों से बात करते हुए सरकार पर गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि लीपापोती कर जांच के लिए सीबीआई को सौंप दी गई है। उन्होंने आशंका व्यक्त करते हुए आरोप लगाया कि इस मामले में कोई मंत्री या मंत्री पुत्र शामिल है, इसी कारण सरकार उसको बचाने में जुटी है।
राबड़ी देवी के बयान पर पटलवार करते हुए बीजेपी एमएलसी संजय मयूख ने कहा कि एनडीए सरकार में किसी भी दोषी को नहीं बख्शा जाता है और ना गलत लोगों को फंसाया जाता है। उन्होंने कहा कि देश की सबसे मजबूत एजेंसी इस मामले की जांच कर रही है। उन्होंने दावा किया कि इस मामले में कोई दोषी नहीं बचेगा। विधानसभा में भी आज यह मामला उठाया। विधायकों ने दोषियों पर जल्द कार्रवाई करने की मांग की।बिहार सरकार के मंत्री जमाखान ने इस मुद्दे पर कहा कि सबको कुछ भी बोलने का फ्रीडम है। लेकिन, आप सभी के माध्यम से यह स्पष्ट करना चाहता हूं कि सरकार इस कांड पर गंभीर है। कार्रवाई हो रही है।