
Patna Traffic Police पटना में ट्रैफिक चेकिंग के दौरान एक ऐसा दिल छू लेने वाला नजारा देखने को मिला, जिसने राह चलते लोगों के चेहरे पर भी मुस्कान ला दी। दरअसल, ट्रैफिक पुलिस ने एक बाइक सवार को रोका तो उसकी जैकेट के अंदर बैठा एक छोटा सा पपी नजर आया। इसके बाद जो हुआ, वह आम ट्रैफिक चेकिंग से बिल्कुल अलग था।
कंटेंट क्रिएटर 'बॉबरकिड' (Bobberkid) ने इस प्यारे पल का वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर किया है, जो कि अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में बाइक सवार पटना की सड़कों पर सफर करता नजर आ रहा है। उसकी जैकेट के अंदर एक छोटा
सा पपी आराम से बैठा है और उसका सिर जैकेट से बाहर निकला हुआ है। ऐसा लग रहा है जैसे पपी अपने मालिक के साथ बाइक की सवारी का पूरा आनंद ले रहा हो।
इसी दौरान ट्रैफिक पुलिस बाइक सवार को रुकने का इशारा करती है। पुलिसकर्मी बाइक के पास पहुंचते हैं तो बाइकर को लगता है कि अब कागजात की जांच होगी या फिर चालान कट सकता है। लेकिन पुलिस वालों का इरादा कुछ और ही था। कागजात मांगने के बजाय एक पुलिसकर्मी सीधे पपी के पास पहुंचता है और बड़े प्यार से उसे सहलाने लगता है। इसके बाद वह पपी का हाल-चाल पूछते हुए कहता है, "अच्छे से हो न?" पुलिसकर्मी का यह अंदाज देखकर बाइकर भी मुस्कुराने लगता है।
पूरी बातचीत के दौरान पपी भी बेहद शांत नजर आता है। कुछ ही सेकेंड की यह छोटी सी मुलाकात इतनी प्यारी थी कि इसका वीडियो सोशल मीडिया पर लोगों का दिल जीत रहा है। वीडियो पर हजारों लाइक्स और कमेंट्स आ चुके हैं। लोग पुलिसकर्मियों के इस व्यवहार की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
एक यूजर ने लिखा, "इस बच्चे को हेलमेट पहनाओ और अच्छे से बांधो। यह बहुत प्यारा है।" वहीं, एक अन्य यूजर ने मजाकिया अंदाज में लिखा, "कहानी में ट्विस्ट… ट्रैफिक चेकिंग पपी की सेहत की जांच में बदल गई।" एक और यूजर ने कहा, "हर बार रोकने का मतलब चालान कटना नहीं होता। कभी-कभी यह मुस्कुराहट के साथ भी खत्म होता है।"
एक अन्य शख्स ने इस पूरे वाकये को बेहद खूबसूरती से बयां करते हुए लिखा, "यह शायद पहली ऐसी ट्रैफिक जांच थी, जो जुर्माने के बजाय प्यार और दुलार के साथ खत्म हुई।" सोशल मीडिया पर वायरल यह वीडियो दिखाता है कि वर्दी के पीछे भी एक संवेदनशील और प्यार करने वाला दिल होता है। कुछ सेकेंड की यह छोटी सी मुलाकात बाइकर के लिए भी यादगार बन गई और देखने वालों के चेहरे पर भी मुस्कान छोड़ गई।