पीयू छात्रसंघ चुनाव को लेकर आज (गुरुवार) पटना साइंस कॉलेज में प्रेसिडेंशियल डिबेट होगा। दोपहर एक बजे होने वाले इस प्रेसिडेंशियल डिबेट को लेकर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
पीयू छात्रसंघ चुनाव पटना विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव को लेकर आज (गुरुवार) पटना साइंस कॉलेज में प्रेसिडेंशियल डिबेट होगा। प्रेसिडेंशियल डिबेट को लेकर पटना साइंस कॉलेज में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। पिछले दफा प्रेसिडेंशियल डिबेट के दौरान गोली चल गई थी। इस दफा ऐसा कुछ नहीं हो, इसको लेकर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। पटना साइंस कॉलेज पहले यह डिबेट पटना वीमेंस कॉलेज में होना था। लेकिन, डिबेट से पहले जबरन कॉलेज परिसर में प्रवेश कर प्रचार करने और कॉलेज गेट पर हंगामा को देखते हुए डिबेट को रद्द कर दिया गया था।
प्रेसिडेंशियल डिबेट आज पटना साइंस कॉलेज परिसर में दोपहर एक बजे होगा। यह निर्णय कुलपति प्रो. नमिता सिंह के निर्देश पर छात्रसंघ चुनाव केंद्रीय समिति की बैठक में लिया गया। विश्वविद्यालय के विधि पदाधिकारी सह मीडिया प्रभारी डा. वीरेंद्र पासवान इसको लेकर बताया कि अध्यक्षीय भाषण में सेंट्रल पैनल के सभी 11 अध्यक्ष उम्मीदवार शामिल होंगे। इसके साथ ही सभी उम्मीदवारों को आचार संहिता का पालन करना होगा। सभी अध्यक्ष उम्मीदवार अनुशासन में ही रहकर अपनी बात रखेंगे।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी प्रो. शंकर कुमार ने कहा कि डिबेट में प्रत्येक अध्यक्ष उम्मीदवार को पांच मिनट में ही अपनी पूरी बात रखनी होगी। वे सिर्फ अपने नीतिगत घोषणा पर सिर्फ अपना पक्ष रखना होगा। इसके साथ ही उनको चुनाव आचार संहिता में वर्णित विभिन्न शर्तों का अनुपालन भी उनको सुनिश्चित करना होगा।
पटना विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव का प्रचार आज समाप्त हो जायेगा। छात्रसंघ चुनाव 28 फरवरी को होना है। विश्वविद्यालय स्तर पर इसको लेकर सारी तैयारी पूरी कर ली गई है। 28 फरवरी को वोटिंग सुबह 8.30 से दोपहर 2.30 बजे तक होगा। इसी दिन मतों की गिनती भी शाम 4.30 से शुरू होगी। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार 28 फरवरी को ही देर रात तक परिणाम जारी कर दिया जाएगा। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से छात्रों को मतदान में शामिल होने की अपील की गई है। इसके साथ ही इसको लेकर सभी कॉलेजों से नोटिस जारी किया गया है।