
घटना के बाद मौके पर जुटे ग्रामीण
Bihar News: बिहार के नालंदा जिले के नूरसराय थाना क्षेत्र में पड़ने वाले परासी गांव में एक सनकी पति की करतूत ने पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया है। छेड़छाड़ के आरोप में सात महीने जेल में बिताने के बाद घर लौटे मनीष कुमार उर्फ सूरजभान ने अपनी 30 वर्षीय पत्नी राखी कुमारी को बेरहमी से पीट-पीटकर मार डाला। इस घटना के बाद आरोपी ने गांव में एक झूठी अफवाह फैला दी कि सीढ़ियों से गिरने के कारण उसकी पत्नी की मौत हो गई और फिर फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, मनीष कुमार का आपराधिक इतिहास रहा है। उसे पिछले सात महीनों से अपने ही गांव की एक नाबालिग छात्रा के साथ छेड़छाड़ के आरोप में जेल में बंद किया गया था। वह घटना से ठीक 15 दिन पहले ही जमानत पर घर लौटा था। परिवार वालों का कहना है कि जेल से रिहा होने के बाद वह और भी ज्यादा हिंसक हो गया था।
नालंदा जिला के ही सिलाव के रहने वाले मृतका के पिता उपेंद्र सिंह के अनुसार मनीष और राखी की शादी 2020 में हुई थी। शादी के डेढ़ साल बाद राखी को बेटी हुई जो अब साढ़े चार साल की है, इसके अलावा ढाई साल का एक बेटा भी है। अपनी मां की मौत और उसके बाद पिता के लापता हो जाने से दोनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतका के पिता का आरोप है कि मनीष अक्सर राखी को प्रताड़ित करता था और उस पर अपने मायके से बड़ी रकम लाने का दबाव डालता था। शनिवार देर रात जब पैसे की उसकी मांग पूरी नहीं हुई तो मनीष ने राखी को तब तक बेरहमी से पीटा जब तक उसने अपनी आखिरी सांस नहीं ले ली।
हत्या को अंजाम देने के बाद मनीष ने अपनी चालाकी दिखाते हुए गांव में शोर मचा दिया कि राखी सीढ़ी से गिरकर घायल हो गई है। उसे आनन-फानन में सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हालांकि, राखी के शरीर पर गहरे घावों और बेरहमी से पिटाई के साफ निशानों ने मनीष की मनगढ़ंत कहानी की पोल खोल दी। अस्पताल पहुंचने और अपनी बेटी की हालत देखने के बाद राखी के मायके वालों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
गांव के लोग भी मनीष के इस जघन्य कृत्य से बेहद आक्रोशित हैं। स्टेशन हाउस ऑफिसर (SHO) अरविंद कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया, यह मामला पीट-पीटकर हत्या करने का प्रतीत होता है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव को परिवार वालों को सौंप दिया गया है। SHO ने जानकारी दी कि आरोपी पति मनीष कुमार घटना के बाद से ही फरार है। उसे पकड़ने के लिए पुलिस की विशेष टीमें उसके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं। पुलिस ने यह दावा किया है कि आरोपी जल्द ही सलाखों के पीछे होगा।
Updated on:
19 Apr 2026 05:47 pm
Published on:
19 Apr 2026 05:37 pm
बड़ी खबरें
View Allपटना
बिहार न्यूज़
ट्रेंडिंग
