19 अप्रैल 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

‘महाकाल के भक्त को जो दुश्मन बनाएगा, वो टिक नहीं पाएगा…’ तेज प्रताप यादव ने इशारों में किसे दी चेतावनी?

लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार वजह कोई राजनीतिक बयान नहीं, बल्कि उनका 'महाकाल अवतार' और सोशल मीडिया पर दी गई चेतावनी है।

2 min read
Google source verification

पटना

image

Anand Shekhar

Apr 19, 2026

तेज प्रताप यादव, tej pratap yadav news, tej pratap

तेज प्रताप यादव (फोटो-X@TejYadav14)

बिहार की राजनीति में लालू यादव के बड़े बेटे और जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव अपने निराले अंदाज के लिए जाने जाते हैं। कभी वे भगवान कृष्ण की तरह बांसुरी बजाते नजर आते हैं, तो कभी भगवान शिव के अनन्य भक्त के रूप में शंखनाद करते हैं। अब तेज प्रताप यादव एक बार फिर से चर्चा में हैं और इस बार कारण है उनका नया सोशल मीडिया पोस्ट, जिसमें उन्होंने खुद को महाकाल का भक्त बताते हुए अपने दुश्मनों और विरोधियों को इशारों-इशारों में चेतावनी दी है।

महाकाल के भक्त को कोई नुकसान नहीं पहुंचा सकता

तेज प्रताप यादव ने अपने पोस्ट में खुद को महाकाल का सच्चा भक्त बताते हुए लिखा कि पूरे इलाके में उनका नाम श्रद्धा और साहस के साथ लिया जाता है। तेज प्रताप यादव ने एक लोककथा के अंदाज में अपनी बात रखते हुए लिखा, 'लोग कहते हैं कि जो सच्चे दिल से महाकाल की भक्ति करता है, उसे कोई हानि नहीं पहुंचा सकता। एक बार कुछ लोगों ने उनसे दुश्मनी मोल लेने की कोशिश की, लेकिन समय ने उन्हें सिखा दिया कि महाकाल के भक्त से टकराना आसान नहीं होता।'

तेज प्रताप यादव ने आगे बेहद आक्रामक लहजे में लिखा, 'जो महाकाल के भक्त को दुश्मन बनाएगा, वो इस संसार में टिक नहीं पाएगा, क्योंकि उसके साथ स्वयं महाकाल की शक्ति होती है। हर-हर महादेव।'

इशारों-इशारों में किस पर है निशाना?

तेज प्रताप यादव की इस पोस्ट के बाद सवाल उठने लगे हैं कि आखिर उनका निशाना किस पर है? हालांकि उन्होंने इस पोस्ट में किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन कुछ सोशल मीडिया यूजर इस पर मजे लेने लगे। पवन सिंह नाम के यूजर ने लिखा, 'तेजस्वी भैया के बारे में इतना सच नहीं बोलना चाहिए था तेजू भैया।' कृष्ण चौधरी नाम के यूजर ने लिखा, 'आपसे दुश्मनी लेने वाले दुश्मन कौन थे? उनका नाम शायद तेजस्वी यादव या लालू यादव परिवार होगा।'

क्या कह रहे सोशल मीडिया यूजर

तेज प्रताप की इस पोस्ट पर लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। जहां उनके समर्थक उन्हें 'सच्चा शिवभक्त' बता रहे हैं, वहीं कुछ यूजर्स इसे 'अपने मुंह मियां मिट्ठू बनना कह रहे हैं। अजीत भारती नाम के यूजर ने उन्हें 'सच्चा हिन्दुत्ववादी नेता' कहा। अनिल नामक यूजर ने चुटकी लेते हुए लिखा, 'इतनी तारीफ़ खुद की तो मैं भी नहीं करता हूं।' एक अन्य यूजर ने लिखा, 'महाकाल के आशीर्वाद से आप एक दिन बिहार के मुख्यमंत्री बनेंगे।'

यह पहली बार नहीं है जब तेज प्रताप को इस तरह के अवतार में देखा गया है, वह कभी-कभी भगवान कृष्ण का रूप धारण कर लेते हैं, तो कभी भगवान शिव का। इसके अलावा, उन्होंने हाल ही में 'संत तेज प्रताप यादव' नाम से एक नया सोशल मीडिया पेज भी शुरू किया है, जहां वह लगातार आध्यात्मिकता और भक्ति से जुड़े वीडियो शेयर करते रहते हैं।