
प्रियरंजन भारती की रिपोर्ट...
(पटना): राज्य विकास की ओर कदम बढा रहा है। सूबे का मेट्रो के रूप में एक विशेष सौगात मिलने वाली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सितंबर में पटना मेट्रो प्रोजेक्ट के पहले फेज का शिलान्यास कर सकते हैं। पथ निर्माण विभाग को दो जुलाई तक बेली रोड पर बनने वाले लोहिया पथचक्र का इनपुट सौंप देने को कहा गया है। मेट्रो प्रोजेक्ट को लेकर नगर विकास एवं शहरी मंत्रालय को सभी इनपुट जुटाए जा रहे हैं।
इस रूट पर चलेगी मेट्रो
मेट्रो प्रोजेक्ट का जिम्मा राइट्स को दिया गया है। राइट्स ने पहली बार पटना मेट्रो प्रोजेक्ट के पहले फेज का ब्यौरा पथ निर्माण विभाग को दिया है। डीपीआर तैयार कर राइट्स ने विभाग को लिखा है। पटना मेट्रो के पहले फेज का निर्माण सगुना मोड़ दानापुर से बेली रोड और पटना जंक्शन होते हुए मीठापुर तक होने वाला है। राइट्स ने बेली रोड पर बनने वाले लोहिया पथ चक्र के बारे में भी विस्तार से जानकारी मांगी है ताकि तय हो सके कि इस संरचना में मेट्रो का स्वरुप कैसा हो।
आईआईटी दिल्ली की टीम ने तैयार किया डिजाइन
आईआईटी दिल्ली की विशेषज्ञ टीम ने पटना के प्रमुख बेली रोड पर लोहिया पथ चक्र का डिजाइन तैयार किया है। स्वैप तकनीक पर पहली बार बन रहे सड़क चक्र में कई अंडरपास बनाए जाएंगे। समस्या यह है कि इस प्रोजेक्ट की वजह से मेट्रो को बेली रोड के इस स्ट्रेच में अंडरग्राउंड कैसे किया जाएगा। फिलहाल पथ निर्माण, भारत सरकार का शहरी मंत्रालय और राइट्स के लोग इसका निर्धारण करने में जुटे हैं ताकि सितंबर में दानापुर के सगुना मोड़ से बेली रोड और पटना जंक्शन होते हुए मीठापुर तक बनने वाले पटना मेट्रो के पहले फेज का प्रधानमंत्री के हाथो शिलान्यास कराया जा सके।