पटना

पटना से सीमांचल तक हाईस्पीड होगा सफर, 15 सितंबर से वंदे भारत और अमृत भारत ट्रेनें देंगी नई रफ्तार

 बिहार में रेल सेवा के लिए एक बड़ा ऐतिहासिक कदम उठाया जा रहा है। 15 सितंबर से पटना से सीमांचल के जोगबनी तक नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन सेवा शुरू होने वाली है। इसके साथ दो रूट पर अमृत भारत एक्स्प्रेस को भी हरी झंडी दिखाई जाएगी। 

2 min read
Sep 12, 2025

बिहार को एक बड़ी रेल सौगात मिलने जा रही है। आगामी 15 सितंबर, 2025 से आधुनिक और हाईस्पीड वंदे भारत एक्सप्रेस तथा अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन सेवाओं का शुभारंभ होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूर्णिया एयरपोर्ट से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इन ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यह सेवा राजधानी पटना से सीमांचल क्षेत्र तक यात्रा को तेज, सुरक्षित और आरामदायक बनाने के साथ-साथ व्यापार, शिक्षा और रोजगार के नए रास्ते खोलेगी।

ये भी पढ़ें

Bihar Bhumi: जमाबंदी में गड़बड़ी? ऑनलाइन आवेदन में दिक्कत? 20 सितंबर से पहले पंचायत स्तर पर लगेंगे कैंप

पटना से जोगबनी तक होगा वंदे भारत एक्सप्रेस का परिचालन

वंदे भारत एक्सप्रेस दानापुर से जोगबनी तक चलेगी। कुल 16 रैक वाली यह ट्रेन जोगबनी से चलकर फारबिसगंज, अररिया, पूर्णिया, सहरसा, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, हाजीपुर और पाटलिपुत्र जैसे प्रमुख स्टेशनों से होते हुए दोपहर तक दानापुर पहुंचेगी। वापसी का सफर रात में तय होगा। इस सेवा से सीमांचल क्षेत्र में रहने वाले लोगों को पटना और अन्य बड़े शहरों तक पहुँचने में बड़ी सुविधा होगी। यात्रा समय में कमी आने से शिक्षा, चिकित्सा, व्यापार और प्रशासनिक कार्यों में तेजी आएगी।

पूर्व मध्य रेलवे की मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने बताया कि यह ट्रेन सुविधा, गति और सुरक्षा के मामले में नई मिसाल बनेगी। इससे बिहार देश के अन्य हिस्सों से सीधे जुड़ेगा और आर्थिक गतिविधियों को बल मिलेगा। स्थानीय स्तर पर पर्यटन और व्यवसाय के अवसर भी बढ़ेंगे।

इस रूट पर चलेगी अमृत भारत

इसके अलावा अमृत भारत एक्सप्रेस की शुरुआत भी बिहार के लिए वरदान साबित होगी। जोगबनी–ईरोड ट्रेन सीमांचल से दक्षिण भारत के तमिलनाडु तक और सहरसा–छेहरटा ट्रेन पूर्वी बिहार से पंजाब तक कनेक्टिविटी का विस्तार करेंगी। जोगबनी से रवाना होकर यह ट्रेन कटिहार, बरौनी, पाटलिपुत्र, नागपुर, विजयवाड़ा होते हुए 18 सितंबर को ईरोड पहुंचेगी। वहीं सहरसा से रवाना होकर यह सुपौल, सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज और गोरखपुर से होते हुए पंजाब तक जाएगी। इससे न केवल यात्रियों को सुविधा मिलेगी बल्कि उत्तर भारत से दक्षिण भारत तक व्यापार और सांस्कृतिक संपर्क मजबूत होगा।

सफर होगा तेज और आधुनिक

रेल नेटवर्क विस्तार को राजनीतिक और विकास की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जानकारों का कहना है कि यह सेवा बिहार को देश के व्यापारिक मार्गों से जोड़ेगी और रोजगार के नए अवसर पैदा करेगी। साथ ही यह परियोजना बिहार के युवाओं, छात्रों और व्यापारियों को देशभर में गतिशीलता प्रदान करेगी। 15 सितंबर का दिन बिहार के लिए ऐतिहासिक साबित होगा। वंदे भारत और अमृत भारत ट्रेन सेवाओं के साथ बिहार का सफर तेज, आधुनिक और वैश्विक स्तर की सुविधाओं से लैस होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा इसका उद्घाटन बिहार की प्रगति की नई दिशा तय करेगा। इस परियोजना को बिहार की विकास यात्रा में मील का पत्थर माना जा रहा है।

ये भी पढ़ें

Land For Job Scam: लालू-तेजस्वी पर आरोप तय होंगे या नहीं? कोर्ट ने सुरक्षित रखा फैसला

Also Read
View All

अगली खबर