पटना

बांकीपुर से प्रशांत किशोर को उतारने की मांग तेज, 5 जुलाई को जन सुराज करेगा उम्मीदवार का ऐलान

Bankipur By Election: जन सुराज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने कहा कि बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में पार्टी अपना उम्मीदवार उतारेगी और प्रत्याशी के नाम की घोषणा 5 जुलाई को कोर कमेटी की बैठक के बाद की जाएगी। उन्होंने कहा कि बांकीपुर की जनता और पार्टी के नेता-कार्यकर्ता चाहते हैं कि प्रशांत किशोर यहां से चुनाव लड़ें।
2 min read
Jul 02, 2026
जन सुराज के प्रमुख प्रशांत किशोर
जन सुराज के प्रमुख प्रशांत किशोर (Photo-IANS)

Bankipur By Election: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जन सुराज पार्टी अपना उम्मीदवार उतारेगी। प्रत्याशी कौन होगा, इसका अंतिम फैसला पार्टी 5 जुलाई को करेगी। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने पत्रकारों से बातचीत में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बांकीपुर की जनता और जन सुराज के कार्यकर्ताओं की इच्छा है कि पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर इस सीट से चुनाव लड़ें। मनोज भारती ने बताया कि पार्टी इस जनभावना और कार्यकर्ताओं की मांग को ध्यान में रखते हुए 5 जुलाई को उम्मीदवार के नाम पर अंतिम निर्णय लेगी।

प्रशांत किशोर की उम्मीदवारी पर 5 जुलाई को निर्णय

जन सुराज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने कहा कि बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए पार्टी के उम्मीदवार की घोषणा कोर कमेटी की बैठक के बाद 5 जुलाई को की जाएगी। उन्होंने कहा कि बांकीपुर की जनता भाजपा के कुशासन से परेशान होकर चाहती है कि जन सुराज अभियान के सूत्रधार प्रशांत किशोर यहां से चुनाव लड़ें। पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं की भी यही इच्छा है कि प्रशांत किशोर को बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में उम्मीदवार बनाया जाए। उन्होंने बताया कि इन सभी पहलुओं पर विचार करने के बाद पार्टी 5 जुलाई को अपने उम्मीदवार के नाम की औपचारिक घोषणा करेगी।

बीजेपी के गढ़ में बढ़ी चुनावी सरगर्मी

नितिन नबीन के राज्य सभा जाने के बाद बांकीपुर विधानसभा सीट खाली हुई है। इस सीट से नितिन नवीन का करीब 31 वर्षों पुराना रिश्ता रहा है। पहले उनके पिता इस सीट का प्रतिनिधित्व करते थे और उनके निधन के बाद नितिन नवीन लगातार यहां से जीत दर्ज करते रहे हैं। बांकीपुर विधानसभा सीट को बीजेपी का मजबूत गढ़ माना जाता है। यही वजह है कि प्रशांत किशोर और उनकी पार्टी चुनाव लड़ने से पहले यहां पूरी ताकत झोंक रही है। हालांकि, नितिन नबीन के राज्यसभा जाने के बाद बीजेपी के कई बड़े नेता भी इस सीट पर अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं। मौजूदा सांसद से लेकर पूर्व विधायक तक, कई नेता अपने परिवार के लिए राजनीतिक जमीन तैयार करने में जुट गए हैं।

नितिन नबीन के उत्तराधिकारी की तलाश तेज

नितिन नवीन की जगह बांकीपुर सीट पर नेशनल मीडिया में पार्टी के मजबूत चेहरे के रूप में पहचान रखने वाले अजय आलोक के साथ साथ भाजपा नेता और धार्मिक न्यास बोर्ड के अध्यक्ष रणवीर नंदन के नाम की चर्चा है। रणवीर नंदन कुछ दिन पहले नीतीश कुमार से भी मिले थे।

Updated on:
02 Jul 2026 10:05 pm
Published on:
02 Jul 2026 09:57 pm