
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के प्रचार के बीच जनसुराज के प्रत्याशी प्रशांत किशोर ने मतदाताओं से सवाल किया, "आपके सांसद कौन हैं? क्या आपने उन्हें कभी देखा है?" उन्होंने आगे कहा, "आपने मोदी के नाम पर वोट दिया, इसलिए आपको ऐसा सांसद मिला, जिसके दर्शन भी नहीं होते। मोदी तो अब चुनाव के समय ही दिखाई देंगे और जिन सांसदों को आपने चुना है, वे भी जानते हैं कि वोट उन्हें नहीं, बल्कि मोदी के नाम पर मिला है। फिर वे आपसे मिलने क्यों आएंगे?" मतदान की तारीख नजदीक आते ही चुनावी माहौल में आरोप-प्रत्यारोप भी तेज हो गए हैं।
उधर, पटना में झमाझम बारिश के बीच भाजपा और जनसुराज दोनों ने चुनाव प्रचार तेज कर दिया है। भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा ने चुनाव प्रभारी प्रेम रंजन चतुर्वेदी के साथ मंगलवार को बैठक कर चुनावी रणनीति, बूथ प्रबंधन, जनसंपर्क अभियान और आगामी कार्यक्रमों की समीक्षा की। इसके बाद उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के आवास वाले क्षेत्र समेत बांकीपुर विधानसभा के जंक्शन मंडल के वार्ड संख्या-28 और स्टेशन रोड इलाके में सघन जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने मतदाताओं से एक बार फिर भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
वहीं, प्रशांत किशोर अपने जनसंपर्क अभियान के दौरान लोगों से एक मौका देने की अपील कर रहे हैं। उन्होंने कहा, "आपके एक वोट से पूरे बिहार की राजनीति बदल सकती है। यदि बांकीपुर में बदलाव होता है तो पूरे प्रदेश के विधायक सक्रिय हो जाएंगे, क्योंकि उन्हें अपनी कुर्सी खतरे में नजर आने लगेगी। साथ ही, अगर बांकीपुर में भाजपा हारती है तो इसका संदेश दिल्ली तक जाएगा कि अब काम करना पड़ेगा। इसलिए आप मुझे अपना वोट दें।"