पटना

‘पेट में बच्चा है, छोड़ दो…’ मिन्नतें करती रही 8 महीने की गर्भवती, पर जेठ ने एक न सुनी; खेत में पटककर किया रेप

नवादा में 8 महीने की गर्भवती महिला के साथ उसके चचेरे जेठ ने दुष्कर्म किया। पंचायत में समाधान न होने पर पीड़िता ने पुलिस की शरण ली। फिलहाल आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है।

3 min read
Feb 24, 2026
मामले की छानबीन करती नवादा पुलिस (फोटो-X)

Bihar News: बिहार के नवादा जिले से एक शर्मनाक घटना सामने आई है। यहां आठ महीने की प्रेग्नेंट महिला के साथ उसके ही चचेरे जेठ (भैसुर) ने हैवानियत की है। पीड़िता बार-बार अपने पेट में पल रहे 8 महीने के बच्चे का वास्ता देकर मिन्नतें करती रही, लेकिन आरोपी फिर भी नहीं रुका। घटना के बाद आरोपी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।

ये भी पढ़ें

बिहार: प्रेमिका के पति को दिल्ली से बुलाया, मारकर नीले ड्रम में गलाया; अब दोषी सुभाष को मिली उम्रकैद

खेत में बेरहमी

पुलिस को दिए अपने बयान में पीड़िता ने बताया कि वह रविवार (22 फरवरी) को सुबह करीब 1 बजे शौच के लिए घर से निकली थी, तभी आरोपी ने उसे पीछे से पकड़ लिया, उसका मुंह बंद कर दिया और करीब 50 मीटर दूर एक खेत में घसीट ले गया। 8 महीने की प्रेग्नेंट होने की वजह से महिला शारीरिक रूप से कमजोर थी, फिर भी उसने खुद को बचाने की पूरी कोशिश की। उसने आरोपी को अपने नाखूनों से खरोंचा और काटा, लेकिन उसने उसे जमीन पर गिरा दिया और उसके साथ रेप किया।

रात के सन्नाटे में हुई घटना

पीड़िता के मुताबिक, घटना के समय घर पर कोई नहीं था। उसका पति दिल्ली में मजदूरी करता है। वह अपने ससुर और तीन साल के बेटे के साथ रहती है। महिला ने पुलिस को बताया कि आरोपी अक्सर उनके घर आता-जाता था, लेकिन उसे कभी उसके बुरे इरादों का शक नहीं हुआ।

उस रात, जब वह बाहर गई, तो आरोपी ने अचानक उस पर हमला कर दिया। पुलिस को दिए अपने बयान में पीड़िता ने कहा, "मैंने उससे बहुत मिन्नत की, मैंने कहा कि पेट में बच्चा है, मुझे दर्द हो रहा है, छोड़ दीजिए। लेकिन उसे किसी बात की परवाह नहीं थी, उसने एक नहीं सुनी। मैं खुद को बचा नहीं पाई क्योंकि पेट भारी था और शरीर में जान नहीं बची थी।"

खेत में छोड़ दिया अधमरा

हैवानियत करने के बाद, आरोपी ने महिला को अधमरा खेत में छोड़ दिया और मौके से फरार हो गया। इसके बाद वो वह घर जाकर आराम से सो गया। पीड़िता पूरी रात दर्द से कराहती हुई खेत में पड़ी रही। सुबह जब उसके ससुर को वह घर पर नहीं मिली, तो वह उसे ढूंढते हुए खेत की तरफ पहुंचे। वहां उसकी हालत देख परिजन सन्न रह गए।

पंचायत में नहीं बनी बात तो पहुंची पुलिस के पास

ससुर ने तुरंत दिल्ली में रह रहे पीड़िता के पति को फोन किया। घटना की जानकारी मिलने पर पीड़िता का पति रोता हुआ दिल्ली से नवादा पहुंचा। मामले को सुलझाने के लिए गांव में पंचायत बुलाई गई, लेकिन आरोपी ने अपनी हरकतों से साफ इनकार कर दिया और कोई ठोस फैसला नहीं हो सका। पंचायत में इंसाफ न मिलने पर पीड़िता ने हार नहीं मानी और खुद ही थाने जाकर आरोपी जेठ के खिलाफ FIR दर्ज कराई।

पुलिस कर रही जांच

नगर थानाध्यक्ष उमाशंकर सिंह ने मामले की पुष्टि की और बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस ने मौके पर फोरेंसिक टीम भेजी है। मिट्टी के सैंपल, कपड़े और दूसरे संभावित सबूत इकट्ठा किए गए हैं। आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी चल रही है। उसका मोबाइल फोन बंद है और बताया जा रहा है कि वह अपने घर से भाग गया है। पुलिस की स्पेशल टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।

मेडिकल जांच में चोटों का पता चला

पीड़िता को नवादा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया और उसका मेडिकल जांच किया गया। बताया जा रहा है कि उसके प्राइवेट पार्ट्स पर चोटें मिली हैं। फाइनल रिपोर्ट आने के बाद स्थिति और साफ हो जाएगी। डॉक्टरों की टीम पेट में पल रहे बच्चे की स्थिति पर भी नजर रखे हुए है। फिलहाल मां और बच्चा दोनों की निगरानी की जा रही है।

ये भी पढ़ें

‘हमारे पास 2002 विधायक, आप बहुत कम हैं, बैठिए चुपचाप’, सदन में किस पर भड़के सीएम नीतीश कुमार?

Also Read
View All

अगली खबर