पटना

Patna Coaching Clash: “अब तो डर लगने लगा है” – प्रिंस की मौत के बाद कई शिक्षकों ने खान सर पर लगाए गंभीर आरोप

Patna Coaching Clash: निखिल सर ने फैजल खान पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि केस दर्ज कराने के बाद उन्हें धमकियां मिल रही हैं और केस वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा है।
2 min read
Jun 15, 2026
roshan anand and khan sir
रौशन आनंद सर और खान सर

Patna Coaching Clashरौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की नेपाल में हुई हत्या के बाद पटना के कई कोचिंग संचालकों और शिक्षकों के बीच भय और असुरक्षा का माहौल बताया जा रहा है। कुछ शिक्षकों का कहना है कि उन्होंने एहतियातन अपने मोबाइल फोन बंद कर दिए हैं और अपने नंबरों के बजाय अन्य माध्यमों से बातचीत कर रहे हैं।

उनका आरोप है कि उन्हें पहले से ही मामले को वापस लेने और चुप रहने के लिए धमकियां मिल रही थीं। कुछ शिक्षकों ने आशंका जताते हुए कहा कि अब वे खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। वहीं, उन्होंने पटना पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए और आरोप लगाया कि पुलिस निष्पक्ष तरीके से काम नहीं कर रही है।

रौशन आनंद के आरोपों के बाद कोचिंग जगत में बढ़ा तनाव

पटना बेऊर जेल से रिहा होने के बाद रौशन आनंद ने फैजल खान (खान सर) पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जेल के अंदर उनकी हत्या की साजिश रची गई थी और उनके भाई प्रिंस यादव की मौत भी उसी साजिश का हिस्सा है। रौशन आनंद के इस बयान के बाद कोचिंग जगत में तनाव और चर्चा का माहौल बन गया है।

कुछ कोचिंग संचालकों का कहना है कि मौजूदा स्थिति कभी भी गंभीर रूप ले सकती है। रौशन आनंद के भाई की मौत को लेकर लोगों में आक्रोश भी देखा जा रहा है। वहीं, दूसरी ओर फैजल खान की ओर से भी संभावित हमलों को लेकर तैयारी की बात कही जा रही है।

निखिल सर का फैजल खान पर गंभीर आरोप

खान सर के पूर्व सहयोगी निखिल सर ने फैजल खान पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि जब से उन्होंने उनके खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया है, उन्हें लगातार धमकी भरे फोन आ रहे हैं और केस वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा है, अन्यथा गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी जा रही है। निखिल सर ने बताया कि इस संबंध में उन्होंने थाने में शिकायत भी दर्ज कराई है।

निखिल सर का आरोप है कि वर्ष 2019 के आसपास फैजल खान ने कथित तौर पर उन्हें पिस्तौल दिखाकर कोचिंग संस्थान अपने नाम करवाने के लिए मजबूर किया था। उनका दावा है कि वह कोचिंग वास्तव में उनकी थी, लेकिन उस समय बढ़ते दबदबे के कारण वे विरोध नहीं कर सके। उन्होंने यह भी कहा कि उनके पास बिजली बिल, रेंट एग्रीमेंट और कर्मचारियों के बयान जैसे कई दस्तावेज मौजूद हैं, जो उनके दावों का समर्थन करते हैं, लेकिन दबाव की वजह से वे आगे नहीं बढ़ पाए थे।

Updated on:
15 Jun 2026 08:57 pm
Published on:
15 Jun 2026 08:56 pm