पटना

बिहार: रात में शादी, सुबह घर खाली! शादी के बाद दुल्हन1.10 लाख लेकर परिवार समेत फरार, दूल्हे ने दर्ज कराई शिकायत

राजस्थान के टोंक निवासी संजय पटवा बारात लेकर दरियापुर गांव पहुंचे थे, जहां शादी की सभी रस्में पूरी हुईं। लेकिन विदाई से पहले ही दुल्हन अपने पूरे परिवार के साथ घर पर ताला लगाकर गायब हो गई।
2 min read
Jun 10, 2026
rajasthan groom bihar wedding bride
राजस्थानी दूल्हे के संग बिहारी दूल्हन। फोटो- गया पुलिस

बिहार की एक अनोखी शादी इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। राजस्थान से दूल्हा बारात लेकर अपनी दुल्हन को विदा कराने आया था। रातभर शहनाई गूंजती रही, शादी की सभी रस्में पूरी हुईं, सात फेरे लिए गए और दूल्हे ने दुल्हन की मांग भी भरी। लेकिन सुबह विदाई से पहले ही दुल्हन अपने पूरे परिवार के साथ फरार हो गई। इस अजीबोगरीब "शादी और धोखे" की कहानी अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गई है। खुद को ठगी का शिकार बताते हुए दूल्हा पक्ष ने गया जिले के बेलागंज थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

हालांकि, यह पहली बार नहीं है जब इस तरह की घटना सामने आई हो। इससे पहले बिहार के गोपालगंज जिले में भी ऐसा ही मामला सामने आया था, जहां राजस्थान से आई बारात के साथ कथित तौर पर ठगी की घटना हुई थी। अब बेलागंज का यह मामला भी लोगों के बीच चर्चा का केंद्र बना हुआ है।

शादी के बाद दुल्हन फरार

राजस्थान के टोंक जिले के निवासी संजय पटवा सोमवार रात सेहरा सजाकर बारात के साथ गया जिले के दरियापुर गांव पहुंचे थे। बारात का दुल्हन पक्ष की ओर से गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इसके बाद शादी की सभी रस्में धूमधाम से संपन्न हुईं। शहनाई की गूंज के बीच सात फेरे लिए गए और दूल्हे ने दुल्हन की मांग भी भरी।

शादी के दौरान संजय पटवा ने अपनी होने वाली दुल्हन को सोने का मंगलसूत्र, अंगूठी, चांदी की पायल, ढोलना समेत कई कीमती उपहार और विवाह के महंगे कपड़े भेंट किए। लेकिन विदाई से पहले ही पूरा घटनाक्रम अचानक बदल गया। आरोप है कि दुल्हन अपने परिवार के सभी सदस्यों के साथ रातोंरात फरार हो गई।

पीड़ित दूल्हे का दावा है कि शादी से पहले हुई बातचीत के अनुसार लड़की पक्ष ने विवाह के नाम पर तय की गई एक बड़ी रकम भी उनसे ले ली थी। अब दूल्हा पक्ष खुद को ठगी का शिकार बता रहा है और मामले की जांच की मांग कर रहा है।

विदाई से पहले गायब दुल्हन

दूल्हे पक्ष के लोगों ने पुलिस को बताया कि शादी से पहले दुल्हन पक्ष द्वारा उपलब्ध कराए गए एक मोबाइल नंबर पर 1 लाख 10 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए गए थे। सोमवार रात हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह की सभी रस्में संपन्न हुईं। शुभ मुहूर्त के अनुसार बारात की विदाई मंगलवार को होनी थी।

शादी की रस्में पूरी होने के बाद दूल्हा और बाराती गांव में ही एक निर्धारित स्थान पर आराम करने चले गए, ताकि सुबह नई दुल्हन को विदा कराकर अपने घर लौट सकें। लेकिन मंगलवार सुबह जब वे दुल्हन के घर पहुंचे तो वहां का नजारा देखकर हैरान रह गए। ग्रामीणों ने बताया कि घर पर ताला लटका हुआ है और परिवार का कोई सदस्य मौजूद नहीं है। यह खबर मिलते ही शादी की खुशियां पलभर में सदमे, हंगामे और सन्नाटे में बदल गईं। दूल्हा पक्ष का आरोप है कि दुल्हन और उसका पूरा परिवार रातोंरात फरार हो गया।

Updated on:
10 Jun 2026 12:53 pm
Published on:
10 Jun 2026 08:01 am