पटना

Rajya Sabha Election: बिहार की 5 सीटों के लिए 6 नामांकन, अब ओवैसी के हाथ में चाबी; जानें राजद ने किसे बनाया प्रत्याशी

Rajya Sabha Election:  पांच राज्यसभा सीटों के लिए छह उम्मीदवारों के नॉमिनेशन ने मुकाबले को चैलेंजिंग बना दिया है। 16 मार्च को होने वाली वोटिंग ही तय करेगी कि कौन जीतेगा या हारेगा। लेकिन एक बात पक्की है कि अब ओवैसी के विधायक किंगमेकर की भूमिका में हैं।

2 min read
Mar 05, 2026
राज्य सभा के लिए नामांकन करते एनडीए के प्रत्याशी

Rajya Sabha Election: बिहार की 5 राज्यसभा सीटों के लिए नामांकन प्रक्रिया गुरुवार को पूरी हो गई। नॉमिनेशन के आखिरी दिन कुल छह उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पर्चे दाखिल किए हैं, जिससे यह तो साफ हो गया कि इस बार का चुनाव परिणाम बिना मतदान के नहीं आएगा और वोटिंग 16 मार्च को होनी है। जहां एनडीए ने 5 उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं, वहीं राजद ने एक उम्मीदवार के जरिए एनडीए के क्लीन स्वीप के मंसूबों पर पानी फेरने की कोशिश की है। अब इस पूरे मुकाबले में असदुद्दीन ओवैसी (AIMIM) और मायावती (BSP) के विधायक किंगमेकर की भूमिका में आ गए हैं।

ये भी पढ़ें

‘कुर्ते पर कभी दाग नहीं लगा…’, अमित शाह ने बांधे नीतीश की तारीफों के पुल; बोले- स्वर्णिम युग रहा उनका कार्यकाल

NDA के पांच कैंडिडेट कौन हैं?

NDA की तरफ से आज सबसे बड़ा नाम मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का था, जिन्होंने गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में राज्यसभा के लिए अपना नॉमिनेशन फाइल किया। उनके साथ भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, भाजपा के शिवेश राम, केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर और RLM चीफ उपेंद्र कुशवाहा ने भी अपना नामांकन पर्चा दाखिल किया है। इस दौरान अमित शाह ने नीतीश कुमार के कार्यकाल को बेदाग और स्वर्णिम बताते हुए उन्हें राष्ट्रीय राजनीति के लिए शुभकामनाएं दीं।

RJD ने AD सिंह को फिर से उम्मीदवार बनाया

महागठबंधन की तरफ से, राष्ट्रीय जनता दल ने अपने मौजूदा राज्यसभा सांसद अमरेंद्र धारी सिंह (AD सिंह) पर फिर से भरोसा जताया है। सिंह न सिर्फ एक राजनेता हैं, बल्कि फर्टिलाइजर और केमिकल सेक्टर के एक जाने-माने इंटरनेशनल बिजनेसमैन भी हैं। उनका बिजनेस 13 से ज्यादा देशों में फैला हुआ है। सिंह के नॉमिनेशन के साथ, RJD ने साफ कर दिया है कि वह NDA को चुनौती देने के लिए तैयार है।

संख्या बल में मजबूत एनडीए

बिहार विधानसभा में कुल 243 विधायक हैं और एक राज्यसभा सीट जीतने के लिए उम्मीदवार को 41 विधायकों के प्रथम वरीयता के वोट की आवश्यकता होती है। एनडीए के पास कुल 202 विधायक हैं। इस लिहाज से 4 उम्मीदवारों (नीतीश, नितिन नवीन, रामनाथ ठाकुर और शिवेश राम) की जीत सुनिश्चित है। पेंच फंस रहा है 5वें उम्मीदवार उपेंद्र कुशवाहा के लिए। एनडीए के पास 4 उम्मीदवारों को जिताने के बाद केवल 38 वोट बचते हैं, यानी कुशवाहा को जीत के लिए 3 और वोटों की जरूरत है।

वहीं विपक्ष की स्थिति की बात करें तो, राजद के नेतृत्व वाले महागठबंधन के पास 35 विधायक हैं। ऐसे में एडी सिंह को जीतने के लिए 6 और वोटों की दरकार है।

ओवैसी के पास पांचवीं सीट की चाबी

अभी, पांचवीं सीट के लिए न तो NDA और न ही महागठबंधन के पास जरूरी विधायकों का समर्थन है। ऐसे में, असदुद्दीन ओवैसी की AIMIM के 5 विधायक और मायावती की बसपा (BSP) का 1 विधायक निर्णायक साबित होने वाले हैं। यदि ये 6 विधायक एकजुट होकर विपक्ष (राजद) के पाले में जाते हैं, तो एडी सिंह का पलड़ा भारी हो सकता है। वहीं, यदि एनडीए इन विधायकों को साधने में सफल रहता है, तो उपेंद्र कुशवाहा की राह आसान हो जाएगी।

ये हैं उम्मीदवार

गठबंधनउम्मीदवारदल
NDAनीतीश कुमारजदयू
NDAनितिन नवीनभाजपा
NDAरामनाथ ठाकुरजदयू
NDAशिवेश रामभाजपा
NDAउपेंद्र कुशवाहारालोमो
महागठबंधनएडी सिंहराजद

ये भी पढ़ें

नीतीश कुमार ने राज्य सभा के लिए किया नामांकन, अमित शाह – नितिन नवीन के साथ एक ही गाड़ी में पहुंचे विधानसभा

Published on:
05 Mar 2026 04:26 pm
Also Read
View All

अगली खबर