5 मार्च 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

‘कुर्ते पर कभी दाग नहीं लगा…’, अमित शाह ने बांधे नीतीश की तारीफों के पुल; बोले- स्वर्णिम युग रहा उनका कार्यकाल

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्य सभा नॉमिनेशन के लिए पटना पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उनकी जमकर तारीफ की। शाह ने न सिर्फ नीतीश कुमार को भ्रष्टाचार मुक्त पॉलिटिक्स का सिंबल बताया, बल्कि उनके दो दशक लंबे कार्यकाल को बिहार का स्वर्णिम युग भी बताया।

2 min read
Google source verification

पटना

image

Anand Shekhar

Mar 05, 2026

bihar politics, amit shah, nitish kumar

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ बिहार के सीएम नीतीश कुमार

Bihar Politics: बिहार की सत्ता के शीर्ष पर करीब दो दशकों तक काबिज रहने वाले नीतीश कुमार अब एक बार फिर से राष्ट्रीय राजनीति की मुख्यधारा में लौटने के लिए तैयार हैं। गुरुवार को उन्होंने राज्य सभा चुनाव के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस मौके पर उनके साथ मौजूद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नीतीश कुमार के राजनीतिक चरित्र और उनके शासन मॉडल की दिल खोलकर तारीफ की।

भ्रष्टाचार मुक्त राजनीति के रोल मॉडल हैं नीतीश कुमार

अमित शाह ने नामांकन के बाद मीडिया से बात करते हुए नीतीश कुमार के बेदाग छवि पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा, 'इतने लंबे सार्वजनिक जीवन में विधायक, सांसद, मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री रहते हुए नीतीश कुमार के कुर्ते पर कभी दाग नहीं लगा। भ्रष्टाचार का एक भी आरोप लगे बिना इतना लंबा राजनीतिक सफर शायद ही किसी ने तय किया हो। वे हमेशा सादगी, शुचिता और सार्वजनिक जीवन के उच्चतम मूल्यों के पक्षधर रहे हैं।'

नीतीश कुमार ने दिलाई जंगलराज से मुक्ति

गृह मंत्री ने 2005 से अब तक के नीतीश कुमार के कार्यकाल को बिहार के इतिहास का स्वर्णिम पृष्ठ बताया। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार को उस जंगलराज के दौर से बाहर निकाला जहां कानून-व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी थी। शाह ने उनके विकास कार्यों को गिनाते हुए कहा कि सड़कों को गांवों तक जोड़ना, हर घर में बिजली पहुंचाना और बिहार के विकास की गति को तेज करना नीतीश कुमार की सबसे बड़ी उपलब्धि रही है।

जेपी आंदोलन से शुरू हुआ राजनीतिक सफर

अमित शाह ने नीतीश कुमार के राजनीतिक जीवन का जिक्र करते हुए कहा कि उनका सफर 1974 के जेपी आंदोलन से शुरू हुआ था। उन्होंने कहा कि उस आंदोलन के दौरान नीतीश कुमार प्रमुख नेताओं में शामिल थे और तब से लेकर आज तक उन्होंने जयप्रकाश नारायण के सिद्धांतों के अनुसार राजनीति करने का प्रयास किया है।

पीएम मोदी की योजनाओं के मजबूत सारथी नीतीश कुमार

अमित शाह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार की जुगलबंदी पर भी बात की। उन्होंने कहा कि पिछले 11 वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी द्वारा भेजी गई हर कल्याणकारी योजना को बिहार के जन-जन तक पहुंचाने में नीतीश कुमार का बहुत बड़ा योगदान रहा है।

अमित शाह ने कहा कि राज्यसभा के सदस्य के रूप में दिल्ली आने पर एनडीए के सभी नेता और कार्यकर्ता नीतीश कुमार का स्वागत करेंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के रूप में उनका कार्यकाल बिहार के इतिहास में लंबे समय तक याद किया जाएगा और लोग उनके योगदान का सम्मान करेंगे।

नितिन नवीन का राष्ट्रीय राजनीति में उदय

इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी नामांकन दाखिल किया। अमित शाह ने उनका स्वागत करते हुए कहा कि नितिन नवीन लंबे समय तक राज्य की राजनीति में सक्रिय रहने के बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने और अब राज्यसभा के माध्यम से संसद में अपनी भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा और एनडीए के सभी कार्यकर्ता उनका राष्ट्रीय राजनीति में स्वागत करते हैं।