पटना

RJD में फेरबदल पर रोहिणी आचार्य बोलीं- यह बहुत पहले होना चाहिए था, लालू जी के रास्ते से ही बढ़ सकती है पार्टी

Rohini Acharya: RJD ने बिहार में जिला, प्रखंड, पंचायत और सभी प्रकोष्ठों की संगठनात्मक इकाइयों को भंग कर दिया है। इस फैसले पर रोहिणी आचार्य ने कहा कि यह कदम पहले उठाया जाना चाहिए था और नए संगठन में कट्टर लालूवादियों व जमीनी कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता मिलनी चाहिए।
2 min read
Aug 07, 2026
RJD Organisational Reshuffle, Rohini Acharya
लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य

Rohini Acharya on RJD Organisational Reshuffle: राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने बिहार में राज्य स्तर से लेकर पंचायत स्तर तक अपनी सभी कमेटियों को भंग कर दिया है। पार्टी के इस बड़े फैसले के बाद लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य की प्रतिक्रिया सामने आई। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए उन्होंने संगठन को भंग करने के फैसले का समर्थन किया, लेकिन साथ ही यह भी कहा कि यह फैसला बहुत पहले लिया जाना चाहिए था। भविष्य में संगठन के पुनर्गठन को लेकर उन्होंने कहा कि पार्टी केवल लालू प्रसाद यादव के विचारों और सिद्धांतों तथा अपने वफादार कार्यकर्ताओं की ताकत के दम पर ही आगे बढ़ सकती है।

बहुत पहले हो जाना चाहिए था ये निर्णय- रोहिणी आचार्य

रोहिणी आचार्य ने अपने पोस्ट में लिखा कि पार्टी की इकाइयों और सेलों को भंग करने का फैसला बहुत पहले लिया जाना चाहिए था। नए संगठनात्मक ढांचे में अनुभवी और समर्पित कार्यकर्ताओं को शामिल करने की वकालत करते हुए उन्होंने कहा कि इन इकाइयों और सेलों को भंग करने का जो निर्णय कल लिया गया, ये निर्णय काफी पहले लिया जाना चाहिए था।

रोहिणी आचार्य ने उम्मीद जताई कि नई इकाईयों के पुनर्गठन में कट्टर 'लालूवादियों' यानी उन कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दी जाएगी जो सालों से अटूट वफादारी और समर्पण के साथ पार्टी के साथ खड़े रहे हैं, जिन्हें संगठन की गहरी समझ है और जो जमीनी स्तर पर मजबूत पकड़ रखने वाले व्यक्ति हैं।

लालू जी के दिखाए रास्ते से ही RJD का भला संभव- रोहिणी

अपने पिता लालू प्रसाद यादव के मुख्य राजनीतिक मूल्यों को याद करते हुए रोहिणी आचार्य ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को मौके देना ही पार्टी की असली पूंजी है। उन्होंने लिखा कि जमीनी से जुड़े लोगों, सामाजिक-आर्थिक-राजनीतिक तौर पर हाशिए पर खड़े लोगों को आगे लाना, कार्यकर्ताओं को उचित अवसर देना ही सदैव लालू जी की प्राथमिकता रही है और सिर्फ लालू जी के सिद्धांतों, उनके दिखाए गए रास्ते पर चल कर ही पार्टी की बेहतरी संभव है।

राजद का पत्र

बिहार में राजद के सभी प्रकोष्ठ भंग

राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के बिहार प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने एक पत्र जारी कर राज्य में पार्टी के पूरे संगठनात्मक ढांचे को भंग करने की घोषणा की। पत्र में कहा गया है कि यह निर्णय पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव के साथ विचार-विमर्श के बाद लिया गया है। जारी पत्र के अनुसार 22 जनवरी 2025 के पिछले संगठनात्मक निर्देश को पूरी तरह से रद्द कर दिया गया है। नतीजतन, बिहार RJD की सभी जिला, ब्लॉक और पंचायत-स्तरीय संगठनात्मक इकाइयों को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया गया है। इसके अलावा, पार्टी के सभी प्रमुख सेल और उनसे जुड़ी समितियों को भी भंग कर दिया गया है।

Updated on:
07 Aug 2026 07:15 pm
Published on:
07 Aug 2026 07:15 pm