
RJD Politics in Bihar: गया से राजद विधायक सर्वजीत कुमार के बयान पर एक बार फिर रोहिणी आचार्य ने कड़ा पलटवार किया है, जिससे पार्टी में नया विवाद खड़ा हो गया है। दरअसल, एक पॉडकास्ट में सर्वजीत कुमार ने कहा था कि “संजय यादव ने लठैतों की पार्टी को हाई-टेक पार्टी बना दिया।” इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने संजय यादव पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि संजय यादव ने राजद को बर्बादी की कगार पर पहुंचा दिया है और लालू परिवार में फूट डालने का काम किया है।
रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर सर्वजीत कुमार के पॉडकास्ट का वीडियो साझा करते हुए लिखा कि संजय यादव की वजह से आरजेडी लगातार चुनावों में कमजोर होती जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि संगठन संजय यादव के करीबियों के प्रभाव में आकर कमजोर हो गया है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि संजय यादव और उनके समर्थकों में इतनी ही क्षमता है, तो उन्हें अपनी अलग हाई-टेक पार्टी बनाकर अपनी काबिलियत दिखानी चाहिए।
दरअसल, रोहिणी आचार्य और संजय यादव के बीच विवाद कोई नया नहीं है। यह मामला बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के परिणाम आने के बाद खुलकर सामने आया था। उस समय रोहिणी आचार्य ने राबड़ी आवास छोड़ने के बाद पटना एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा था कि “मेरा कोई परिवार नहीं है, संजय-रमीज और तेजस्वी से पूछिए। इन्हीं लोगों ने मुझे परिवार से बाहर कर दिया है। हार की जिम्मेदारी कोई नहीं लेना चाहता। पूरी दुनिया सवाल कर रही है कि पार्टी की यह स्थिति क्यों हुई?”
उनके इस बयान के बाद पहली बार पार्टी और परिवार के भीतर चल रहा मतभेद सार्वजनिक रूप से सामने आया था। इस दौरान रोहिणी आचार्य को लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव का भी समर्थन मिला था। साथ ही उनके दोनों मामा ने भी उनके पक्ष में रुख अपनाया था।
इससे पहले, विधानसभा चुनाव 2025 के दौरान रोहिणी आचार्य तेजस्वी यादव की गाड़ी की फ्रंट सीट पर संजय यादव के बैठने को लेकर नाराज हो गई थीं। उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए लिखा था कि “लालू प्रसाद या तेजस्वी यादव की जगह कोई और बैठे, यह बिल्कुल भी स्वीकार्य नहीं है। फ्रंट सीट हमेशा पार्टी के शीर्ष नेता के लिए निर्धारित होती है।”